सुधा देवी की पुण्यतिथि पर रक्तदान, नि:शुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन
बंगाल मिरर, बर्नपुर। बर्नपुर के मिड टाउन क्लब में सोमवार को दिवंगत समाजसेविका एवं उद्यमी सुधा देवी की पुण्यतिथि के अवसर पर रक्तदान शिविर, नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर तथा स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। समाज सेवा को समर्पित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।शिविर में मिडवेस्ट अस्पताल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने लोगों की आंखों और सामान्य स्वास्थ्य की विस्तृत जांच की। इस दौरान मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।कार्यक्रम के दौरान आयोजित रक्तदान शिविर में युवाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। आयोजकों ने बताया कि इस वर्ष करीब 52 यूनिट रक्त संग्रह किया गया , जिससे विभिन्न अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों की सहायता की जा सके। यहां 100 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य और 100 से अधिक लोगों की नेत्र जांच की गई














इस अवसर पर दिवंगत सुधा देवी के पुत्र सिद्धार्थ यादव और पुत्री साक्षी यादव ने कहा कि उनकी माता ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनकी मां के आदर्शों और सेवा भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर जनकल्याण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।उन्होंने बताया कि रक्तदान और स्वास्थ्य जांच जैसे आयोजन समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का एक माध्यम हैं। लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वेच्छा से रक्तदान करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही। सभी ने सुधा देवी के सामाजिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।शिविर में पहुंचे लोगों ने नि:शुल्क स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच सुविधा की सराहना की और रक्तदान जैसे मानवीय कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करना रहा।


