Seva Sankalp Abhiyan : 17 सितंबर से होगी शुरुआत, 1 महीने तक होंगे विभिन्न आयोजन
बंगाल मिरर, स्नेहा गुप्ता, आसनसोल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा और प्रशासनिक यात्रा को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा-संकल्प अभियान’ ( Seva Sankalp Abhiyan) चलाया जाएगा। पश्चिम बंगाल में दुर्गापूजा को देखते हुए अभियान के अधिकांश कार्यक्रम 9 अक्टूबर तक पूरा करने की योजना बनाई गई है।
आसनसोल के सेनरेले रोड स्थित एक निजी होटल में शनिवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में भाजपा राज्य समिति के सदस्य एवं अभियान प्रभारी विद्यासागर चक्रवर्ती ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा पेश की।पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, पीएचई एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री डॉ. अजय पोद्दार, रानीगंज विधायक पार्थ घोष, अपूर्व हाजरा, संपा राय, मदन चौबे, संतोष वर्मा टिंकू समेत कई नेता, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद थे।









उन्होंने बताया कि पश्चिम बर्धमान जिले में अभियान के तहत कुल 12 प्रमुख जनमुखी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी की प्रशासनिक यात्रा शुरू हुई थी। करीब 13 वर्षों तक मुख्यमंत्री रहने के बाद 2014 में वे प्रधानमंत्री बने और तब से लगातार देशसेवा में जुटे हैं।
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर होगी। इस दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम के तहत लोगों से अपने घरों के सामने दीप जलाने की अपील की गई है। पश्चिम बंगाल में करीब डेढ़ करोड़ दीप जलाने का लक्ष्य रखा गया है।




अभियान के तहत स्कूली छात्रों के लिए ‘सपनों का भारत’ कार्यक्रम भी होगा। इसमें चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चे 2047 के भारत और बंगाल की अपनी कल्पना प्रस्तुत करेंगे।
अभियान का प्रमुख आकर्षण ‘सेवा महायज्ञ’ होगा, जिसके तहत रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता अभियान और जरूरतमंद बच्चों को शिक्षण सामग्री वितरण समेत करीब 25 प्रकार के जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं ‘सेवा सेतु’ के जरिए ब्लॉक कार्यालयों में विशेष शिविर लगाकर आम लोगों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इसके अलावा ‘सेवा रंग’, ‘सेवा भारत इनोवेशन चैलेंज’, ‘गाथा’ और ‘आमार गल्पो’ जैसे कार्यक्रम भी होंगे। लाभार्थियों के अनुभवों को वीडियो के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।
अभियान का समापन 9 अक्टूबर को कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में होगा। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड के युवाओं एवं स्टार्टअप्स के प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे तथा सफल नवप्रवर्तकों और युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।
भाजपा नेत्री अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पश्चिम बर्धमान के हर व्यक्ति को अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने 17 सितंबर को शाम 7 बजे जिले के प्रत्येक परिवार से दीप जलाकर प्रधानमंत्री को आशीर्वाद देने की अपील की।

