गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत आसनसोल में विशाल पदयात्रा, गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग
बंगाल मिरर , आसनसोल: गो सम्मान आवाहन अभियान के तहत सोमवार को आसनसोल में हजारों गौभक्तों ने इको पार्क मैदान से जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक विशाल एवं शांतिपूर्ण पदयात्रा निकाली। इस दौरान भारत में गौ हत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने, गौ माता को “राष्ट्रमाता” का दर्जा देने सहित 21 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन आसनसोल के उप जिला शासक (एसडीओ) को सौंपा गया।कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे शंखनाद और “श्री राम जय राम जय जय राम” महामंत्र के जाप के साथ हुई। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु इको पार्क से जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पैदल मार्च करते हुए “गौ हत्या बंद करो” और “सनातन धर्म की जय” जैसे नारों के साथ आगे बढ़े।














आयोजकों ने बताया कि यह अभियान केवल आसनसोल तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के 790 जिलों में एक साथ आयोजित किया गया। अभियान के तहत विभिन्न मांगों के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसकी प्रतियां संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपी गईं।मार्च में आसनसोल, दुर्गापुर, रानीगंज, जामुड़िया, सालानपुर, पांडेश्वर, कुल्टी, बराकर, दोमहानी सहित पश्चिम बर्दवान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गौभक्त शामिल हुए। सभी ने एक स्वर में गौ हत्या पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार से सख्त कानून बनाने की मांग की।कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। इको पार्क से जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय तक पूरे मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। जिला मजिस्ट्रेट की अनुपस्थिति में प्रतिनिधिमंडल ने उप जिला शासक को ज्ञापन सौंपते हुए इसे राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, पश्चिम बंगाल के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अनुरोध किया।
इस अवसर पर अभियान के आसनसोल प्रभारी पुनीत सानतोरिया, पश्चिम बर्दवान जिला प्रभारी विकास सतनालिका, रितेश खेतान, राकेश मोदी, गोपाल खीरिया, ललित खेतान, गोपाल सरावगी, विपुल दुबे, अमन गिरी, सुदीप गोराई, बैद्यनाथ पाल, संतोष माहेश्वरी, दीपक मोदी, बबलू गोराई, सतीश कयाल, मुकेश अग्रवाल, राजेश जालान, सियाराम अग्रवाल, महेश शर्मा, विनय शर्मा, आनंद पारीक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।


