दुर्गापुर के अंडाल में निजी अस्पताल के ब्लड बैंक पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, दस्तावेजों की हो रही जांच
*बंगाल मिरर, अंडाल एवं दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* राज्य भर के ब्लड बैंकों की कार्यप्रणाली और रक्त भंडारण से संबंधित दस्तावेजों की जांच के लिए राज्य स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक अभियान शुरू किया है। मंगलवार सुबह पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर के अंडाल स्थित एक निजी अस्पताल के ब्लड बैंक में स्वास्थ्य विभाग की विशेष जांच टीम पहुंची। सुबह से ही ब्लड बैंक के विभिन्न दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार, ब्लड बैंक का लाइसेंस, रक्त संग्रह एवं वितरण का रिकॉर्ड, रक्त संरक्षण की प्रक्रिया, स्टॉक रजिस्टर तथा संबंधित सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जा रहा है या नहीं, इसकी विस्तार से जांच की जा रही है। जांच दल ने अस्पताल प्रबंधन से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी अपने कब्जे में लिए हैं।














हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।उल्लेखनीय है कि हाल ही में राज्य के विभिन्न अस्पतालों और ब्लड बैंकों के खिलाफ अवैध रूप से रक्त बेचने तथा रक्त के लेन-देन में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। इन्हीं आरोपों के आधार पर राज्य स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जांच शुरू की है। जांच के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों के ब्लड बैंकों में एक साथ दस्तावेजों की जांच और निरीक्षण किया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को अंडाल के इस निजी अस्पताल के ब्लड बैंक में यह अभियान चलाया गया। जांच अधिकारी ब्लड बैंक के सभी दस्तावेजों की जांच करने के साथ-साथ आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा, ऐसा प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों ने बताया है।

