ASANSOL

Asansol में मासूम की हत्यारोपी को परिजनों को सौंपने मांग पर सड़क जाम, प्रदर्शन, पुलिस और भाजपा नेता ने संभाली स्थिति

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः*आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के लोअर छिन्नमस्ता इलाके के तुरीपाड़ा में हाल ही में छह वर्षीय ऋत्विक रुज का शव पिछले रविवार उसके घर के पास जंगल से बरामद किया गया था। आसनसोल जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस को रिपोर्ट से पता चला कि बच्चे की गला दबाकर हत्या की गई थी।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बुधवार को तुरीपाड़ा निवासी और मृतक बच्चे के पड़ोसी शिवनाथ तुरी को गिरफ्तार किया। फिलहाल वह पुलिस हिरासत में है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसने ऋत्विक का गला दबाकर उसकी हत्या की।

शुक्रवार शाम यह खबर सामने आने के बाद बच्चे के परिजन और स्थानीय लोगों ने आसनसोल के जीटी रोड स्थित भगत सिंह मोड़ पर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि हत्या के आरोपी को उनके हवाले किया जाए ताकि वे स्वयं उसे सजा दे सकें। इस मांग को लेकर उन्होंने लंबे समय तक सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।सूचना मिलने पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के एसीपी (सेंट्रल-1) अब्दुल गफ्फार के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की कि कानून के अनुसार अपराधी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

लेकिन परिजन और स्थानीय लोग अपनी मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि जिस क्रूरता से उनके बच्चे की हत्या की गई है, उसके लिए आरोपी को उनके हवाले किया जाए।काफी देर तक पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास जारी रहा। इसी दौरान आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय के प्रतिनिधि एवं भाजपा नेता अंतु राय भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को बताया कि विधायक स्वयं इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात कर चुके हैं और चाहते हैं कि पुलिस जल्द से जल्द मामले की पूरी जांच कर असली दोषियों को गिरफ्तार करे।

बाद में भाजपा नेता अंतु राय ने कहा कि पीड़ित परिवार आरोपी को अपने हवाले करने की मांग कर रहा है, लेकिन देश संविधान और कानून के अनुसार चलता है, इसलिए यह मांग कानूनी नहीं है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को भरोसा दिलाया है कि सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासन में आरोपी जल्दी जमानत पर छूट जाते थे, लेकिन अब पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार है, जहां कानून का राज है और कोई भी अपराधी बच नहीं पाएगा।

प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर जांच में लापरवाही का आरोप लगाया। उनकी मांग थी कि मामले की सच्चाई जल्द सामने लाई जाए, सभी वास्तविक दोषियों को गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए। सड़क जाम के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति को सामान्य किया।

उल्लेखनीय है कि तुरीपाड़ा निवासी छह वर्षीय ऋत्विक रुज पिछले शनिवार सुबह से लापता था। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चलने पर आसनसोल दक्षिण थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार सुबह उसके घर के पास स्थित एक जंगल से उसका शव बरामद हुआ।

परिवार के अनुसार, ऋत्विक के पिता छोटू रुज पेशे से राजमिस्त्री हैं, जबकि मां पूर्णिमा रुज घरेलू सहायिका का काम करती हैं। घटना वाले दिन दोनों काम के सिलसिले में घर से बाहर थे। घर लौटने पर बेटे को न पाकर उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।वहीं, आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के हित में किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *