संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर घाघरबुढ़ी मंदिर में निकली भव्य कलश यात्रा
भाजपा आसनसोल जिला के तत्वावधान में हुआ आयोजन, देवतनु भट्टाचार्य, विधायक जितेंद्र तिवारी व अरिजीत राय समेत कई नेता रहे मौजूद
बंगाल मिरर, आसनसोल: संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को भाजपा आसनसोल जिला की ओर से घाघरबुड़ी मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना एवं भव्य कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश यात्रा में भाग लेकर संत रविदास जी के बताए समता, मानवता, सामाजिक समरसता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।














इस अवसर पर भाजपा आसनसोल जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी, भाजपा विधायक अरिजीत राय, भाजपा नेता कृष्णा प्रसादहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने संत रविदास जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा समाज में समानता, सद्भाव और मानव सेवा के उनके संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समान अधिकार और मानव कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।कार्यक्रम के समापन पर देश एवं प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, उत्तम स्वास्थ्य और सर्वजन कल्याण की कामना की गई। उपस्थित लोगों ने संत रविदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी लिया।


