जामुड़िया में माकपा के रक्तदान शिविर में राजनीतिक सभा का विरोध किया भाजपा कार्यकर्ताओं ने, तनाव, नोंक-झोंक
बंगाल मिरर, जामुड़िया, राजा बंदोपाध्याय: पश्चिम बर्दवान जिले के जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आसनसोल नगर निगम के वार्ड संख्या-3 के 10 नंबर इलाके में शनिवार को दिवंगत सांसद विकास चौधरी की 22वीं पुण्यतिथि के अवसर पर माकपा (सीपीआई-एम) की ओर से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अचानक तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।रक्तदान शिविर के अवसर पर आयोजित सभा को माकपा की राज्य नेत्री मीनाक्षी मुखोपाध्याय संबोधित कर रही थीं।














प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान भाजपा मंडल-4 के सचिव राजू गांगुली, मंडल-4 युवा मोर्चा के अध्यक्ष विशाल गांगुली सहित कुछ भाजपा कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।आरोप है कि इसके बाद मंच से ही मीनाक्षी मुखोपाध्याय तथा भाजपा नेताओं राजीव गांगुली और विशाल गांगुली के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। इसके बाद वहां मौजूद माकपा समर्थकों ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम स्थल छोड़ने को कहा।आरोप है कि कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा कार्यक्रम को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां किए जाने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख जामुड़िया थाने की पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया। बाद में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। पुलिस की तत्परता से किसी भी बड़ी अप्रिय घटना को टाल दिया गया और रक्तदान शिविर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।माकपा की ओर से कहा गया है कि पूरे मामले को लेकर जामुड़िया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी।घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए माकपा की राज्य नेत्री मीनाक्षी मुखोपाध्याय ने कहा, “आज जो हुआ, वही भाजपा का चरित्र है। तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में जो होता था, वही अब भाजपा के दौर में हो रहा है। भाजपा हर जगह दमन की राजनीति करने की कोशिश कर रही है। बंगाल की जनता सब देख रही है। यदि भाजपा में हिम्मत है तो वह स्पष्ट करे कि जो लोग वहां पहुंचे थे, क्या वे पार्टी के नहीं थे।”
वहीं भाजपा मंडल-4 के अध्यक्ष संजय सिंह ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा, “भाजपा के नेता वहां कोई विवाद करने नहीं गए थे। सभी स्थानीय निवासी हैं और रक्तदान शिविर आयोजित करना सभी का अधिकार है। लेकिन कार्यक्रम के दौरान माकपा की ओर से भाजपा के खिलाफ लगातार प्रचार किया जा रहा था। स्थानीय भाजपा नेताओं ने केवल उसका विरोध किया।”फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। मामले में शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


