ASANSOLASANSOL-BURNPUR

बर्नपुर में सनसनी सेल पर आम लोगों की जमीन कब्जाने का आरोप, अदालत का “स्टे ऑर्डर”

*बंगाल मिरर, बर्नपुर, राजा बंदोपाध्यायः* पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल के हीरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर में एक बिल्कुल “उलटफेर” वाला मामला सामने आया है। अब तक यह सुनने में आ रहा था कि सेल यानी स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया अपनी जमीन पर अवैध निर्माण और कब्जा करने वालों को हटाने के लिए बुलडोजर चला रहा है। सेल की ओर से आरोप लगाया गया था कि आम लोगों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर रखा है और वहां अवैध निर्माण किया है।लेकिन शुक्रवार को एक ऐसी घटना और आरोप सामने आया, जिसे देखकर कई लोग हैरान हैं।आरोप है कि सेल ने आम लोगों की जमीन या प्रॉपर्टी पर कब्जा कर रखा है। इतना ही नहीं, उक्त जमीन पर सेल की ओर से जबरन चारदीवारी निर्माण का काम शुरू किया गया।

बर्नपुर के हीरापुर मौजा में नवघंटी पेट्रोल पंप के पास यह जमीन स्थित है। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार वर्तमान में इस जमीन के मालिक विश्वनाथ ठाकुर और उनके भाई हैं। उन्हीं की ओर से यह आरोप लगाया गया है।जमीन के मालिक विश्वनाथ ठाकुर ने शुक्रवार को कहा कि यहां उनके दादा सच्चिदानंद ठाकुर के नाम पर लगभग 54-55 कट्ठा जमीन है। उन्होंने बताया कि एक दिन अचानक उन्होंने देखा कि सेल ने उनकी जमीन पर कब्जा कर रखा है। इतना ही नहीं, उस जमीन पर बाउंड्री बनाने का काम भी चल रहा था। शुक्रवार को भी रोज की तरह वहां मिस्त्री और मजदूर मौजूद थे और सेल के निर्देश पर चारदीवारी बनाने का काम कर रहे थे।इसी बीच जमीन के मालिक वहां पहुंचे।

उनके हाथ में अदालत का “स्टे ऑर्डर” था। इसके अलावा जमीन की परचा और दस्तावेज भी उनके पास मौजूद थे। उन्होंने दावा किया कि ये सभी दस्तावेज उसी जमीन से संबंधित हैं।पूरे मामले को लेकर हीरापुर थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची। अदालत के निर्देश के अनुसार चारदीवारी निर्माण का काम रोक दिया गया। हालांकि, सेल की ओर से अभी तक इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।

अब तक सेल का कोई अधिकारी भी जमीन देखने के लिए मौके पर नहीं पहुंचा है।जमीन मालिक का आरोप है कि जब सेल के किसी अधिकारी को फोन किया जाता है, तो उन्हें टाउन ऑफिस जाने के लिए कहा जाता है। लेकिन जमीन मालिक का कहना है, “यह जमीन मेरी है, तो मैं क्यों जाऊं? सेल को अगर कोई बात करनी है, तो उसे मेरे पास आना चाहिए।”सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना के बाद सेल ने खुद ही उक्त चारदीवारी को तोड़ने का काम शुरू कर दिया है। खबर मिलने के बाद स्थानीय भाजपा नेतृत्व के लोग भी मौके पर पहुंचे।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *