अंडाल में ईसीएल के कई बंद क्वार्टरों में चोरी का आरोप, 2 गिरफ्तार
* बंगाल मिरर, अंडाल एवं दुर्गापुर, सार्थक दे एवं राजा बंदोपाध्याय: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंडाल थाना क्षेत्र के काजोड़ा गोला इलाके में ईसीएल के कई बंद क्वार्टरों में चोरी की घटना में संलिप्त होने के संदेह में अंडाल थाने की पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार रात हुई चोरी की घटना को लेकर इलाके में हड़कंप मच गया।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गत 9 अगस्त की देर रात काजोड़ा गोला इलाके में लगातार कई बंद क्वार्टरों में चोरी की घटनाएं हुईं। उस समय क्वार्टरों में रहने वाले लोग वहां मौजूद नहीं थे।














आरोप है कि उनकी अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने कई आवासों को निशाना बनाया और चोरी की योजना को अंजाम दिया।अगले दिन, 10 अगस्त की सुबह क्वार्टरों के निवासी वापस लौटे, तब उन्हें चोरी की घटना की जानकारी हुई। इसकी सूचना अंडाल थाने को दी गई। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को दो लोगों की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
इसके बाद मंगलवार यानी 11 अगस्त की रात अंडाल थाने की पुलिस ने बहुला इलाके में उनके घर से दोनों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के पास से धारदार हथियार, मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए गए हैं।बुधवार सुबह दोनों आरोपियों को दुर्गापुर अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में लेने के लिए अदालत से आवेदन किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी की इस घटना में और कौन लोग शामिल हैं, बरामद सामान कहां से आया और इस गिरोह के साथ किसी अन्य व्यक्ति का संबंध है या नहीं।


