Asansol Subsidence: फतेहपुर में मनसा पूजा पंडाल के पास बड़ा भू-धंसान, सैकड़ों घरों पर खतरा
तेज धमाके जैसी आवाज के साथ धंसी जमीन, दहशत में हजारों लोग, ECL और आसनसोल नगर निगम को सूचना देने के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं होने का आरोप
बंगाल मिरर, आसनसोल: (Asansol Subsidence) आसनसोल साउथ थाना अंतर्गत फतेहपुर इलाके में मनसा पूजा पंडाल के पास अचानक हुए बड़े भू-धसान से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि मंसा पूजा के दौरान अचानक तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसके बाद पंडाल के ठीक बगल में जमीन का एक बड़ा हिस्सा धंस गया।भू-धसान वाली जगह के आसपास बड़ी संख्या में मकान बने हुए हैं, जहां सैकड़ों परिवारों के हजारों लोग रहते हैं। जमीन धंसने के बाद आसपास के घरों पर भी खतरा मंडराने लगा है।














स्थानीय लोगों को आशंका है कि यदि भू-धसान का दायरा और बढ़ता है तो कई मकान इसकी चपेट में आ सकते हैं और बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता है।घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है। खासकर मंसा पूजा के दौरान पूजा पंडाल के ठीक पास इस तरह जमीन धंसने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि जब तक भू-धसान के कारणों की जांच नहीं हो जाती, तब तक आसपास के इलाके में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना की जानकारी ईसीएल (ECL) और आसनसोल नगर निगम को दे दी गई है, लेकिन अब तक प्रभावित क्षेत्र की सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लोगों की मांग है कि संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लें और भू-धसान के कारणों की जांच कराएं।स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जमीन का धंसना आगे भी जारी रहा तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती है। इसलिए प्रशासन और ईसीएल से मांग की जा रही है कि संभावित खतरे को देखते हुए आसपास के घरों का निरीक्षण किया जाए, जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाए और भू-धसान को रोकने के लिए तत्काल तकनीकी कदम उठाए जाएं।लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते एहतियाती कदम उठाना जरूरी है। अब देखना होगा कि प्रशासन और ईसीएल इस घटना को कितनी गंभीरता से लेते हैं और प्रभावित इलाके की सुरक्षा के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।


