आवेदन करने के बावजूद नहीं मिला अन्नपूर्णा योजना का लाभ अब कुल्टी में भाजपा कार्यालय के सामने महिलाओं का प्रदर्शन, विधायक से लगाई गुहार
*बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्यायः* ऑफलाइन और ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद अभी तक अन्नपूर्णा योजना की राशि नहीं मिलने को लेकर पिछले तीन दिनों से पश्चिम बर्धमान जिले के महकमा शासक कार्यालय और बीडीओ कार्यालय में प्रदर्शन किया जा रहा है। अब इस प्रदर्शन की आंच भाजपा कार्यालय तक भी पहुंच गई है।शुक्रवार सुबह आसनसोल के कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आसनसोल नगर निगम के 73 नंबर वार्ड के आलडीही इलाके में भाजपा पार्टी कार्यालय के सामने क्षेत्र की महिलाओं ने प्रदर्शन किया। इसे लेकर इलाके में हलचल मच गई। इस दौरान क्षेत्र की भाजपा कार्यकर्ता सोनाली बाउरी ने प्रदर्शनकारी महिलाओं का साथ दिया।














प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि ऑफलाइन और ऑनलाइन सभी तरह से आवेदन करने के बावजूद अभी तक अन्नपूर्णा योजना की राशि उनके बैंक खातों में नहीं आई है। उन्हें बताया गया था कि 17 अगस्त तक राशि उनके खातों में आ जाएगी। लेकिन 17 अगस्त के बाद भी कई दिन बीत जाने के बावजूद उनके खातों में पैसे नहीं आए।
इसी कारण शुक्रवार को उन्होंने भाजपा कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।इस संबंध में सोनाली बाउरी ने कहा कि ये महिलाएं अन्नपूर्णा योजना का लाभ पाने की पात्र हैं। उन्होंने सभी तरह से आवेदन किया है, लेकिन डीएम कार्यालय सहित किसी भी जगह से उन्हें सहायता नहीं मिल रही है। इसलिए पार्टी की कार्यकर्ता के रूप में मैं विधायक तथा मंत्री डॉ. अजय पोद्दार से इन महिलाओं की समस्या पर ध्यान देने और मामले को देखने का अनुरोध कर रही हूं।


