Asansol Live News : पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में भड़का तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति
बंगाल मिरर, आसनसोल: ( Asansol Live News Update) आसनसोल दक्षिण थाना अंतर्गत सुकांत मैदान इलाके में शनिवार रात बच्चों के बीच हुए पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में कहासुनी और धक्का-मुक्की की घटना सामने आई। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।जानकारी के अनुसार, मामला किसी भी तरह के सांप्रदायिक विवाद से जुड़ा नहीं था, बल्कि बच्चों के बीच पहले से चले आ रहे विवाद को लेकर हुआ था।













बताया जा रहा है कि बच्चों के खेलने और बैठने को लेकर शुरू हुई कहासुनी धीरे-धीरे बड़ों के बीच बहस में बदल गई। इस दौरान एक पक्ष के एक युवक को मामूली चोट लगने की बात सामने आई है।घटना के बाद एक पक्ष की महिलाओं ने सड़क पर जाम लगाकर विरोध जताया। सूचना मिलते ही आसनसोल दक्षिण थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया। पुलिस ने सड़क जाम भी हटवाया।किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए रातभर इलाके में पुलिस की तैनाती रखी गई।
फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण बताई जा रही है।दोनों पक्षों ने क्या कहा?एक पक्ष के लोगों ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पूरे आसनसोल में शांतिपूर्ण माहौल है, लेकिन इस इलाके में बच्चों के खेलने को लेकर अक्सर टोकाटाकी की स्थिति पैदा होती है।वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने स्पष्ट किया कि यह किसी भी तरह का सांप्रदायिक मामला नहीं है। उनके अनुसार, विवाद बच्चों के बीच था, जिसे आपसी बातचीत से सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने इलाके में सभी के मिल-जुलकर रहने की बात कही।
Asansol Live News : शांति कमेटी बनाने की पहल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, भविष्य में इस तरह के विवादों को बढ़ने से रोकने के लिए इलाके में ‘पीस कमेटी’ बनाने की पहल की जा रही है। इसमें दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों, बुजुर्गों और युवाओं को शामिल किया जाएगा।कमेटी का उद्देश्य छोटी-छोटी गलतफहमियों और विवादों को आपसी बातचीत के जरिए सुलझाना और इलाके में भाईचारा बनाए रखना होगा।पुलिस ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।


