वसूलीबाजी की तो मैं बचा नहीं पाऊंगी” बर्नपुर में कार्यकर्ताओं को मंत्री अग्निमित्रा पाल की कड़ी चेतावनी
“ *बंगाल मिरर, बर्नपुर, राजा बंदोपाध्याय:* विधानसभा चुनाव के बाद अब संगठनात्मक रूप से पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के साथ राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बैठक की। सोमवार को बर्नपुर के भारती भवन में अपनी विधानसभा सीट आसनसोल दक्षिण के मंडल स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अग्निमित्रा पाल ने बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से आम लोगों की समस्याओं, सरकारी सेवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा हुई।बैठक के संबंध में अग्निमित्रा पाल ने कहा कि चुनाव के बाद विभिन्न जिम्मेदारियों में लगे कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करना संभव नहीं हो पाया था। इसलिए इस बार प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी, क्षेत्र की समस्याओं और सरकारी सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।














मंत्री ने कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर लोगों की समस्याएं सुनने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अन्नपूर्णा योजना का लाभ किसे मिला है और किसे नहीं, कहां पेयजल की समस्या है, सड़क, स्ट्रीट लाइट या ड्रेनेज की समस्या कहां है—इन सभी की पहचान कर प्रशासन के संज्ञान में लाया जाए। स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक विद्यालय सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं से जुड़ी समस्याओं को भी संबंधित विभाग तक पहुंचाने का निर्देश उन्होंने दिया।
बैठक में पानी, कचरा, ड्रेनेज और सड़क की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। आम लोगों के साथ संपर्क को और मजबूत करने के लिए अस्पताल, थाना और आपातकालीन सेवाओं के लिए निर्धारित प्रतिनिधियों के फोन नंबर घर-घर तक पहुंचाने की बात भी अग्निमित्रा पाल ने कही।हालांकि बैठक में वसूलीबाजी और गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर मंत्री का सबसे कड़ा संदेश सामने आया।
मंत्री ने स्पष्ट कहा कि पार्टी का कोई कार्यकर्ता अगर वसूलीबाजी या गैरकानूनी गतिविधियों में शामिल होता है, तो वह किसी भी तरह उसे बचा नहीं पाएंगी। शिकायत सही साबित होने पर पार्टी से निष्कासन जैसी कड़ी कार्रवाई भी की जा सकती है, इसकी चेतावनी उन्होंने दी।इसके साथ ही अवैध निर्माण, जलभूमि या जलाशयों को भरना, अवैध लॉज-होटल, फायर लाइसेंस के बिना कारोबार और अवैध गोदाम जैसे मामलों को प्रशासन के संज्ञान में लाने का निर्देश दिया। विशेष रूप से जिन इलाकों में एंबुलेंस या दमकल की गाड़ी नहीं पहुंच सकती, उन क्षेत्रों की जानकारी प्रशासन को देने के लिए उन्होंने आम लोगों से भी अपील की।
अग्निमित्रा पाल का संदेश है कि सरकार, पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता—इन तीनों पक्षों के बीच समन्वय बनाकर काम करना होगा। तभी क्षेत्र की समस्याओं की शीघ्र पहचान कर उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ना संभव होगा।बर्नपुर के भारती भवन में हुई इस बैठक में जहां पार्टी के संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने का संदेश दिया गया, वहीं आम लोगों के साथ कार्यकर्ताओं के व्यवहार और पारदर्शिता के मामले में भी मंत्री ने स्पष्ट और कड़ा रुख अपनाया।


