Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Bengal Mirror
ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में पूर्व तृणमूल पार्षद के घर का घेराव, तोड़फोड़ का आरोप लाठीचार्ज और आंसू गैस

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बनर्जीः* पूर्व तृणमूल पार्षद के घर के घेराव को लेकर रविवार रात दुर्गापुर के कोकओवेन थाना अंतर्गत डीपीएल टाउनशिप इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। उत्तेजित लोगों के प्रदर्शन के बीच पूर्व पार्षद के घर में तोड़फोड़ किए जाने का आरोप सामने आया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और रैफ मौके पर पहुंची। स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे।इस घटना के केंद्र में दुर्गापुर नगर निगम के वार्ड नंबर 39 के पूर्व तृणमूल पार्षद शशांक शेखर मंडल हैं।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चुनाव के बाद से ही वह इलाके से बाहर थे। रविवार शाम उनके अपने घर लौटने की खबर फैलते ही इलाके में तनाव पैदा हो गया। इसके बाद उत्तेजित लोगों का एक समूह उनके घर के सामने जमा होकर प्रदर्शन करने लगा। उनके खिलाफ घर में तोड़फोड़ करने का आरोप भी सामने आया है।स्थानीय प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि तृणमूल शासन के दौरान कई भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे शशांक शेखर मंडल को इलाके में रहने नहीं दिया जाएगा।

उन्हें तुरंत इलाका छोड़ने की मांग करते हुए प्रदर्शनकारियों ने उनके घर का घेराव कर दिया।खबर मिलते ही स्थिति को संभालने के लिए कोकओवेन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में रैफ को भी उतारा गया। लेकिन लंबे समय तक प्रदर्शन जारी रहने के कारण स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ने पर स्थिति को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे जाने की बात सामने आई है।

करीब तीन घंटे तक यह तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। अंत में पुलिस ने पूर्व तृणमूल पार्षद शशांक शेखर मंडल को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। उन्हें किस आरोप में हिरासत में लिया गया है और घटना में और किसी की संलिप्तता है या नहीं, इसे लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।घटना के बाद सोमवार सुबह भी डीपीएल टाउनशिप इलाके में तनाव बना रहा। दोबारा कोई अप्रिय स्थिति पैदा न हो, इसके लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *