ASANSOL

आसनसोल के कॉलेज में जिलास्तरीय विद्यार्थियों की युवा संसद प्रतियोगिता, विधायक ने किया उद्घाटन

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* पश्चिम बर्धमान जिला प्रशासन की पहल पर मंगलवार को आसनसोल गर्ल्स कॉलेज में कॉलेज स्तर पर “डिस्ट्रिक्ट लेवल यूथ पार्लियामेंट कॉम्पिटिशन या जिलास्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2026-27” का आयोजन किया गया। इसके अलावा क्विज, तत्काल भाषण और निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया।एक कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता का उद्घाटन आसनसोल गर्ल्स कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष तथा आसनसोल उत्तर विधानसभा के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने किया। इस अवसर पर कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. स्वाती नंदी चक्रवर्ती सहित अन्य लोग उपस्थित थे।इस मौके पर भाजपा विधायक ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं में कॉलेज के विद्यार्थियों की भागीदारी उन्हें अपनी तर्क क्षमता, नेतृत्व कौशल, लोकतांत्रिक चेतना और देश के प्रति सोच को प्रदर्शित करने का एक अनूठा मंच देती है।

साथ ही, इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को सवाल पूछने और अपनी राय व्यक्त करने के साथ-साथ तर्क के साथ सोचने का अवसर भी प्रदान करती हैं।उन्होंने आगे कहा कि आज के जागरूक युवा ही कल के निर्माता हैं। वे आने वाले दिनों में देश का नेतृत्व करेंगे। इसलिए युवाओं के लिए लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रमुख स्तंभ संसद या पार्लियामेंट को समझना बेहद जरूरी है।

उनके पूर्ण विकास के लिए अवसर पैदा करना हमारी जिम्मेदारी है। इसी प्रयास के तहत आज के इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।कॉलेज की प्रिंसिपल ने बताया कि एक दिवसीय इस प्रतियोगिता में पश्चिम बर्धमान जिले के 11 कॉलेजों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दिन युवा संसद के अलावा तीन अन्य प्रतियोगिताओं को मिलाकर करीब 170 विद्यार्थियों ने भाग लिया। पूरा आयोजन कॉलेज स्तर पर किया गया।उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में जो विद्यार्थी चैंपियन होंगे, वे राज्य स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में संसदीय व्यवस्था में संसद या पार्लियामेंट की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। साथ ही युवाओं की भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका है। युवा क्या कर सकते हैं, यह हम हमेशा देखते रहे हैं। वे इस पूरी व्यवस्था और उसकी भूमिका के बारे में अभी से जागरूक हों, इसी उद्देश्य से इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *