आसनसोल नगर क्षेत्र में बकाया टैक्स वसूली के लिए नोटिस मंत्री अग्निमित्रा पाल ने बकाया चुकाने की अपील की
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में बकाया नगर कर (टैक्स) की वसूली को लेकर नगर प्रशासन सक्रिय हो गया है। 1 लाख रुपये या उससे अधिक का नगर कर बकाया रखने वाले 1700 होल्डिंग्स की पहचान की गई है। आसनसोल नगर निगम की ओर से इन सभी को पहले ही नोटिस जारी कर बकाया नगर कर जमा करने को कहा गया है। अब राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने भी इन होल्डिंग्स के मालिकों से शहर के विकास और नगर सेवाओं को सुचारु रखने के हित में बकाया नगर कर का भुगतान करने की अपील की है।














इस संबंध में सोमवार को आसनसोल में नगर निगम के कमिश्नर दिलीप मिश्रा के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए नगर एवं शहरी विकास मंत्री ने कहा कि 1 लाख रुपये या उससे अधिक नगर कर बकाया रखने वाले 1700 लोगों को आसनसोल नगर निगम की ओर से पहले ही नोटिस दिया जा चुका है।अब इस संबंध में इलाके-इलाके में टोटो के जरिए प्रचार किया जाएगा। यह प्रचार अभियान सात दिनों तक चलेगा। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर कैंप या शिविर लगाए जाएंगे, ताकि लोग अपना बकाया नगर कर जमा कर सकें।
मंत्री ने कहा कि इसके बाद भी यदि बकाया नगर कर का भुगतान नहीं किया जाता है, तो कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, कार्रवाई किस प्रकार की होगी, इसका खुलासा नगर एवं शहरी विकास मंत्री ने पत्रकारों के सामने नहीं किया। उन्होंने कहा, “अभी इस बारे में नहीं बता रही हूं, लेकिन कार्रवाई जरूर की जाएगी।”मंत्री ने स्पष्ट कहा कि नगर कर का सही तरीके से भुगतान नहीं होने के कारण शहर के विकास और नगर सेवाएं प्रभावित हों, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा।

