Youth Parliament Competition: सोदपुर कोलियरी हाई स्कूल ने मारी बाजी
बंगाल मिरर, कुल्टी : आसनसोल नगर निगम (एएमसी) और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में वर्ष 2026-2027 के लिए निकाय स्तरीय स्कूली युवा संसद प्रतियोगिता का सफल आयोजन कुल्टी कॉलेज में सोमवार को किया गया। इस आयोजन में भाजपा समर्थित शिक्षक संगठन की ओर से पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ स्कूल इंस्पेक्टर सुभोदीप सासमल, कुल्टी कॉलेज के वाइस प्रिंसिपल और अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मंच संचालन शिक्षक संतोष भगत ने किया, जबकि शिक्षक संगठन की ओर से संजय पासवान की विशेष और सक्रिय भूमिका रही। वहीं नगर निगम की ओर से अभिजीत सरकार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम उपस्थित रही।














प्रतियोगिता में कुल्टी क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने क्विज, निबंध, तत्काल भाषण (एक्सटेंपोर) और मॉक पार्लियामेंट स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। युवा संसद (मॉक पार्लियामेंट) प्रतियोगिता में सोदपुर कोलियरी हाई स्कूल की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बलरुई एन.जी. इंस्टीट्यूशन की टीम दूसरे स्थान पर रही। मॉक पार्लियामेंट की व्यक्तिगत श्रेणियों में कुल्टी गर्ल्स हाई स्कूल की छात्रा को सर्वश्रेष्ठ स्पीकर का खिताब मिला, जबकि एन.डी. राष्ट्रीय विद्यालय ने सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री तथा कुल्टी हिंदी बालिका विद्यालय ने सर्वश्रेष्ठ विपक्ष के नेता का पदभार बखूबी निभाकर बाजी मारी।

तत्काल भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता के परिणामों में भी तीखी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। निबंध में सोदपुर कोलियरी हाई स्कूल की जिया शर्मा (70 अंक) ने पहला स्थान, दिशेरगढ़ ए.सी. इंस्टीट्यूशन की तोर्षा घोष (64 अंक) ने दूसरा स्थान और कुल्टी गर्ल्स हाई स्कूल की जिनिया भट्टाचार्या (63 अंक) ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहींतत्काल भाषण श्रेणी में दिशेरगढ़ ए.सी. इंस्टीट्यूशन के अरुण देवघरिया (40.5 अंक) प्रथम, कुल्टी गर्ल्स हाई स्कूल की कोयल हाजी (40 अंक) द्वितीय और बलरुई एन.जी. इंस्टीट्यूशन के रितम साहू (33.5 अंक) तृतीय स्थान पर रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी विजेता प्रतिभागियों को ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया गया।



