ASANSOL

पानागढ़ में स्कूटी के शोरूम में लगी आग, इलाके में मचा हड़कंप

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्यायः* स्कूटी के शोरूम में भीषण आग लगने की घटना सामने आई। आग की तेज लपटों ने तीन मंजिला स्कूटी शोरूम की पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्कूटी का शोरूम था। फर्स्ट फ्लोर पर एक किड्स स्कूल और सेकेंड फ्लोर पर एक परिवार रहता है। मंगलवार तड़के दुर्गापुर के पानागढ़ दार्जिलिंग मोड़ के पास हुई इस भीषण अग्निकांड से इलाके में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी इंजन लेकर मौके पर पहुंचे।

आग से शोरूम को भारी नुकसान हुआ, हालांकि इस अग्निकांड में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे स्थानीय लोग प्रातः भ्रमण के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्होंने दार्जिलिंग मोड़ के पास स्थित इमारत से आग की लपटें निकलते देखीं। इसके बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया और दमकल विभाग को सूचना दी गई। तब तक स्कूटी शोरूम में रखी सभी स्कूटियां जलकर राख हो चुकी थीं। गनीमत रही कि उस समय किड्स स्कूल खुला नहीं था, वरना हादसा और भी भयावह हो सकता था।

सूचना मिलने के बाद कांकसा थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची।दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं और दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।इस भीषण अग्निकांड के बाद कांकसा के पानागढ़ स्थित दार्जिलिंग मोड़ से सटे इलाके में कुछ ही देर में दहशत फैल गई। आग कैसे लगी, इसकी जांच दमकल विभाग की ओर से की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *