Jamuria में फिर सड़क हादसा, कुमारधुबी निवासी श्रमिक की मौत, सड़क जाम
बंगाल मिरर, जमुरिया: जमुरिया थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक निजी कारखाने के श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान कुमारडुबी निवासी 35 वर्षीय योगेश मंडल के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह योगेश मंडल मोटरसाइकिल से जमुरिया स्थित गिरिधर मेटल प्राइवेट लिमिटेड कारखाने में काम करने जा रहे थे। इसी दौरान निमडांगा इलाके में एक मिनीबस ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल योगेश मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की खबर फैलते ही इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने जमुरिया-चांदा मुख्य सड़क को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।














सूचना मिलने पर जमुरिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने सड़क जाम हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।


