ASANSOLRANIGANJ-JAMURIA

Raniganj Raid : नकली खाद्य तेल के कारोबार का पर्दाफाश, घर की अलमारी से मिले ब्रांडेड कंपनियों के लेबल, ढक्कन और टिन

*बंगाल मिरर, रानीगंज:* रानीगंज में शुक्रवार को खाद्य मिलावट के खिलाफ चलाए गए व्यापक अभियान के दौरान कथित तौर पर नकली खाद्य तेल के कारोबार का खुलासा हुआ। राज्य खाद्य विभाग, एनफोर्समेंट ब्रांच और मेट्रोलॉजी विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में दुकानों और कारखानों की जांच की।अभियान की शुरुआत थाने के सामने स्थित पेड़ा-बताशे की दुकानों से हुई, जहां खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंग के इस्तेमाल और साफ-सफाई की जांच की गई। इसके बाद एक मसाला दुकान में संदिग्ध पाए गए साबुत हल्दी के संबंध में दुकानदार से उसके स्रोत की जानकारी मांगी गई।

शिशुबागान कालालीगली स्थित एक चनाचूर कारखाने में भी जांच की गई। वहां बड़ी मिलावट नहीं मिली, लेकिन स्वच्छता और दस्तावेजों को लेकर अधिकारियों ने आवश्यक निर्देश दिए।इसके बाद टीम ने सरदा पल्ली स्थित कथित खाद्य तेल आपूर्तिकर्ता उत्पल गड़ाई के घर पर छापेमारी की। अधिकारियों के अनुसार, घर के एक गोदामनुमा कमरे की अलमारी से विभिन्न नामी कंपनियों के कथित नकली लेबल, ढक्कन, स्टिकर और तेल से भरे टिन बरामद किए गए।आरोप है कि सस्ते तेल में कथित रूप से रसायन मिलाकर उसे नामी कंपनियों के टिन में भरकर नकली लेबल लगाए जाते थे और दुकानों में सप्लाई किया जाता था।

संबंधित कंपनियों के प्रतिनिधियों से पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि उन्होंने अपने ब्रांड के लेबल इस्तेमाल करने की कोई अनुमति नहीं दी थी।फूड सेफ्टी अधिकारी अजय भंडारी ने बताया कि खाद्य तेल के नमूने लिए गए हैं और कई सामग्री जब्त की गई है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *