कूड़ा और थूकने पर अब कड़ी नजर, आसनसोल के 10 बोरो में ‘एएमसी सिटी वॉच’ मंत्री ने किया उद्घाटन
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* शहर को स्वच्छ रखने के लिए आसनसोल नगर निगम ने अब और कड़ी निगरानी व्यवस्था शुरू की है। सड़क किनारे कूड़ा फेंकना, इधर-उधर थूकना, सार्वजनिक स्थानों पर पेशाब करना सहित शहर के विभिन्न हिस्सों में होने वाली गंदगी की पहचान करने के लिए अब सड़कों पर ‘एएमसी सिटी वॉच’ वाहन गश्त करेगा। आसनसोल नगर निगम के प्रत्येक बोरो क्षेत्र में एक-एक, कुल 10 सिटी वॉच वाहन निगरानी करेंगे।शनिवार सुबह आसनसोल के एसबी गोराई रोड स्थित रामसायेर मैदान में ‘एएमसी सिटी वॉच’ वाहनों को हरी झंडी दिखाकर राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने रवाना किया।













इस कार्यक्रम में आसनसोल नगर निगम के नगर आयुक्त दिलीप मिश्रा सहित निगम के अधिकारी उपस्थित थे।उद्घाटन के बाद मंत्री ने कहा कि आसनसोल नगर निगम को ‘एएमसी सिटी वॉच’ नाम के वाहन दिए गए हैं। आसनसोल नगर निगम के 10 बोरो में प्रत्येक बोरो के लिए एक वाहन रहेगा। ये वाहन विभिन्न इलाकों में घूमकर निगरानी करेंगे कि कहां कूड़ा पड़ा हुआ है, कहां लोग थूक रहे हैं और कहां गंदगी की स्थिति बनी हुई है।उन्होंने आगे कहा कि इन वाहनों का काम सिर्फ सफाई करना नहीं है।
इन वाहनों का मुख्य उद्देश्य निगरानी और मॉनिटरिंग करना है। ये वाहन पूरे शहर की स्थिति पर नजर रखेंगे। प्रत्येक बोरो को एक-एक वाहन दिया गया है और शनिवार से ही इनका काम शुरू हो गया है।नगर निगम सूत्रों के अनुसार, सिटी वॉच वाहनों के माध्यम से विभिन्न इलाकों में घूमकर गंदगी वाले स्थानों को चिह्नित किया जाएगा।
कहां नियमित रूप से कूड़ा जमा हो रहा है, कहां नागरिक सार्वजनिक रूप से थूक रहे हैं या पेशाब कर रहे हैं अथवा कहां स्वच्छता से संबंधित समस्या है, इसकी जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभाग को सूचित किया जाएगा। इसके बाद उसी के अनुसार नगर निगम के सफाई कर्मचारी आवश्यक कदम उठाएंगे।नगर निगम की इस पहल से शहर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है। साथ ही, नागरिकों को सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने या गंदगी फैलाने से रोकने में भी यह निगरानी व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


