कुल्टी के रेड लाइट इलाके में लूट की घटना पुलिस के जाल में दो युवक
*बंगाल मिरर, कुल्टी व आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल के कुल्टी थाना अंतर्गत नियामतपुर फांड़ी के लछीपुर रेड लाइट इलाके में लूट और मारपीट की घटना के मामले में पुलिस ने दो और युवकों को गिरफ्तार किया है। रविवार को गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम शाह रुख खान और मुकेश ठाकुर हैं। सोमवार को दोनों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया।जानकारी के अनुसार, गत 15 अगस्त को बंगाल के विभिन्न इलाकों से झारखंड के हजारीबाग जिले के रजरप्पा जाने के दौरान कुछ लोगों को स्थानीय दलाल लछीपुर की ओर ले गए। आरोप है कि वहां ले जाकर उन लोगों से करीब 20 हजार रुपये लूट लिए गए। इतना ही नहीं, उनके साथ जमकर मारपीट करने के अलावा चारपहिया वाहन की चाबी भी छीन लेने का आरोप है।









घटना की सूचना मिलने के बाद नियामतपुर फांड़ी की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उन लोगों को दलालों के चंगुल से छुड़ाया। साथ ही उनका चारपहिया वाहन भी वापस दिलाया गया।इस घटना की जांच में जुटी पुलिस ने सबसे पहले बाबर खान नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसके बाद रोशन खान और गोलू उर्फ अभय गुप्ता को गिरफ्तार किया गया। आगे की जांच के दौरान रविवार रात इस घटना में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने शाह रुख खान और मुकेश ठाकुर को भी गिरफ्तार कर लिया।इस मामले में अभी और कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसकी जांच नियामतपुर फांड़ी की पुलिस कर रही है।





