Mini Jamtara साइबर ठगों के गढ़ नियामतपुर के मोहल्ले में भारी छापामारी, ड्रोन से निगरानी
बंगाल मिरर, एस सिंह, आसनसोल: ( Asansol Latest News ) साइबर ठगी के लिए मिनी जामताड़ा के रूप में चर्चित नियामतपुर के हरिजन पाड़ा इलाके में सोमवार सुबह पुलिस और साइबर क्राइम विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी छापेमारी की। भारी संख्या में पुलिस बल के साथ शुरू हुई कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके को घेर लिया गया। समाचार लिखे जाने तक तलाशी अभियान जारी था।सुरक्षा के मद्देनजर RAF और कॉम्बैट फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया। पुलिस टीमों ने इलाके के कई मकानों में तलाशी ली। कुछ बंद मकानों के ताले तोड़कर भी पुलिस ने अंदर जांच की।









तलाशी के दौरान पुलिस ने कई महंगे iPhone और एंड्रॉयड मोबाइल फोन, लैपटॉप, हार्ड डिस्क समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। बरामद सामान को पुलिस ने जांच के लिए जब्त कर लिया है। इलाके में लगे कई CCTV कैमरों की फुटेज की भी जांच की जा रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई कथित तौर पर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क की सूचना के आधार पर की गई है। अभियान के दौरान कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की भी जानकारी है।




हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या और उनकी कथित भूमिका को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। बरामद मोबाइल फोन, लैपटॉप और हार्ड डिस्क की फॉरेंसिक जांच के बाद नेटवर्क के स्वरूप और इसके संचालन से जुड़े अहम तथ्य सामने आने की उम्मीद है।वहीं, इलाके में ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। बड़ी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी और लगातार जारी तलाशी अभियान से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।

