ASANSOLDURGAPUR

दुर्गापुर में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई, 1 गिरफ्तार, 10 हिरासत में; कई पेनड्राइव, एटीएम कार्ड और हार्ड डिस्क बरामद

*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* दुर्गापुर स्टेशन बाजार इलाके के साथ-साथ मंगलवार को कादारोड और अमरावती भांबे कॉलोनी इलाके में पुलिस ने एक साथ बड़ी कार्रवाई की। इस अभियान को लेकर पूरे इलाके में हलचल मच गई।बताया गया है कि बुदबुद थाना, साइबर सेल, दुर्गापुर थाना सहित विभिन्न थानों के प्रभारी अधिकारियों और महिला पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को लेकर यह अभियान चलाया गया। इस दौरान कई घरों और कुछ चिन्हित स्थानों पर तलाशी ली गई।तलाशी के दौरान पेनड्राइव, एटीएम कार्ड, पासबुक, हार्ड डिस्क सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच के हित में इन सभी सामानों को जब्त कर लिया गया है। इस अभियान में 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

उनसे पूछताछ कर मामले के पीछे की जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा रहा है।वहीं, गुप्त सूचना के आधार पर अमरावती भांबे कॉलोनी में अभियान चलाकर न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार और छह लोगों को हिरासत में लिया। अभियान के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और कई इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद होने की जानकारी पुलिस सूत्रों से मिली है।पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गुप्त सूचना के आधार पर इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया था। इसी दौरान पुलिस ने कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किए, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

घटना में संलिप्त होने के संदेह में पहले कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद एक व्यक्ति को गिरफ्तार और छह लोगों को हिरासत में लिया गया।बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक सामानों का घटना से क्या संबंध है, इसकी जांच पुलिस कर रही है। साथ ही इस घटना में और भी कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं, इसको लेकर भी न्यू टाउनशिप थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *