दुर्गापूजा के आयोजन को लेकर दुर्गापुर में तृणमूल और भाजपा में भिड़ंत, मंडल अध्यक्ष से मारपीट, उपप्रधान पर अंडे फेंकने का आरोप
*बंगाल मिरर, दुर्गापुर, राजा बंदोपाध्याय:* दुर्गापूजा के आयोजन की जिम्मेदारी किसके हाथ में रहेगी, इसे लेकर पश्चिम बर्दवान जिले के दुर्गापुर के कांकसा के विदबिहार स्थित दुबराजपुर कॉलोनी में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। पूजा कमेटी के गठन को लेकर तृणमूल और भाजपा के बीच भिड़ंत भी हुई। स्थिति इस कदर बिगड़ गई कि तृणमूल कांग्रेस के उपप्रधान को निशाना बनाकर अंडों की बारिश किए जाने का आरोप लगा। वहीं, भाजपा के मंडल अध्यक्ष के साथ मारपीट करने का आरोप तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। इसके जवाब में तृणमूल के उपप्रधान के घर में तोड़फोड़ करने का आरोप भाजपा पर लगा है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। स्थिति को नियंत्रित करने में कांकसा के मलानदिघी फांड़ी की पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।घटना की शुरुआत बुधवार शाम को हुई।













भाजपा के मंडल अध्यक्ष शचीन विश्वास का आरोप है कि लंबे समय से चली आ रही दुर्गापूजा की पुरानी कमेटी में इलाके के कुछ नए युवकों को शामिल करने की मांग उन्होंने की थी। उनका कहना था कि पूजा सभी की है, इसलिए कमेटी में इलाके की नई पीढ़ी को भी शामिल किया जाना चाहिए। लेकिन इसी मांग को लेकर विवाद शुरू हो गया।
शचीन विश्वास का आगे आरोप है कि नए युवकों को कमेटी में शामिल करने की मांग करने पर पुरानी कमेटी की ओर से उन्हें धमकी दी गई। इसके बाद तृणमूल के उपप्रधान गोपाल सरकार के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की गई। यहां तक कि विरोध करने पर महिलाओं के जरिए भी उन्हें परेशान और अपमानित किए जाने का आरोप है।इस घटना के बाद स्थिति और अधिक तनावपूर्ण हो गई। भाजपा की ओर से इलाके में आक्रोश फैल गया। दूसरी ओर, तृणमूल कार्यकर्ताओं और समर्थकों के परिजनों का आरोप है कि भाजपा के लोग उन पर हमला करने के लिए पहुंच गए।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटों को पकड़कर ले जाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने घटना की पूरी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।स्थिति को संभालने पहुंची पुलिस को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसके चलते पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।

