ASANSOL

Bank Strike : Asansol में SBI और यूनियन बैंक के सामने कर्मचारियों का प्रदर्शन

बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को देशभर के बैंक कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। हड़ताल के दौरान आसनसोल में भी बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। बीएनआर मोड़ के समीप स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के सामने कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन कर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। वहीं, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, आसनसोल के सामने भी बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया।


आंदोलनरत बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में सप्ताह में पांच दिन काम करने की व्यवस्था लागू करना शामिल है। कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उन्हें विभिन्न सुविधाओं और अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने अपनी लंबित समस्याओं का जल्द समाधान करने और उन्हें मिलने वाली सभी सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।


कर्मचारियों ने कहा कि इन्हीं मांगों को लेकर देशव्यापी एक दिवसीय हड़ताल और विरोध प्रदर्शन किया गया है। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी भी की।
बताया गया है कि बैंक यूनियनों की ओर से इस महीने के अंत में लगातार तीन दिनों की बैंक हड़ताल का आह्वान भी किया गया है। यदि यह हड़ताल होती है तो बैंकिंग सेवाओं पर इसका व्यापक असर पड़ने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *