Asansol Rifle Club में 2100 निशानेबाज दिखाएंगे दम, 18 से 27 सितंबर तक इंडिया ओपन एयर वेपंस प्रतियोगिता
बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल राइफल क्लब के तत्वावधान में इंडिया ओपन कॉम्पिटिशन इन एयर वेपंस—राइफल एंड पिस्टल का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (NRAI) की देखरेख में होगा। प्रतियोगिता में क्वालीफाई करने वाले निशानेबाज सीधे नेशनल चैंपियनशिप में हिस्सा ले सकेंगे।प्रेस कॉन्फ्रेंस में पश्चिम बंगाल राइफल एसोसिएशन के अध्यक्ष वी. के. ढल ने बताया कि यह उन निशानेबाजों के लिए एक अतिरिक्त अवसर है, जो अपने जोन से नेशनल चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके हैं। उन्होंने इसे परीक्षा में मिलने वाले कंपार्टमेंटल के दूसरे अवसर से जोड़ते हुए कहा कि खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का एक और मौका मिलेगा।









इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 2100 निशानेबाज आसनसोल पहुंचेंगे। राइफल के मुकाबले 18 से 21 सितंबर तक होंगे, जबकि पिस्टल सहित पूरी प्रतियोगिता 18 से 27 सितंबर तक चलेगी।निशानेबाजों की संख्या अधिक होने और उपलब्ध लेन सीमित होने के कारण मुकाबले प्रतिदिन सुबह 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक चलेंगे। यानी करीब 14 घंटे तक प्रतियोगिता का आयोजन होगा।प्रतियोगिता के संचालन के लिए देशभर से अधिकारी आसनसोल पहुंचेंगे। इनमें स्थानीय और पश्चिम बंगाल के अधिकारी भी शामिल रहेंगे। आयोजकों के मुताबिक, बंगाल में ऑल इंडिया स्तर की प्रतियोगिता आयोजित करने वाले प्रमुख केंद्रों में आसनसोल राइफल क्लब की महत्वपूर्ण भूमिका है और क्लब इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरी तैयारी में जुटा है।18 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। खास बात यह है कि इसी दिन विश्वकर्मा पूजा भी है।राइफल स्पर्धा समाप्त होने के बाद 21 सितंबर को शाम 4 बजे पहला पुरस्कार वितरण समारोह होगा। वहीं, प्रतियोगिता का समापन समारोह 27 सितंबर, रविवार को शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा।आयोजकों को उम्मीद है कि देशभर के शीर्ष निशानेबाजों की मौजूदगी से आसनसोल में निशानेबाजी के इस बड़े आयोजन को नई पहचान मिलेगी।





