Durgapur : BJP कार्यकर्ताओं ने तृणमूल कांग्रेस का ‘श्राद्ध’ ही कर डाला !
बंगाल मिरर, दुर्गापुर : ( Durgapur Latest News ) दुर्गापुर के सिटी सेंटर में शनिवार को एक ऐसा सियासी तमाशा देखने को मिला, जिसने पश्चिम बंगाल की राजनीति में खलबली मचा दी है। आमतौर पर विरोध प्रदर्शनों में पुतले फूंकते और झंडे लहराते तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सीधे-सीधे तृणमूल कांग्रेस का ‘श्राद्ध’ ही कर डाला! सिटी सेंटर स्थित एडीए (ADDA) कार्यालय के सामने बाकायदा पंडित जी को बुलाया गया, जिन्होंने मंत्रोच्चार के साथ श्राद्ध की रस्में शुरू करवाईं।









सांकेतिक पूजा सामग्री के तौर पर वहां रखी गई तीन खास चीजें—कोयला, बालू और अंडा। इसके बाद वैदिक मंत्रों के बीच टीएमसी के चुनाव चिन्ह को आग के हवाले कर दिया गया।बीजेपी का सीधा दावा है कि राज्य से टीएमसी का राजनीतिक अस्तित्व अब हमेशा के लिए खत्म हो चुका है, इसलिए उसकी ‘आत्मा की शांति’ के लिए यह प्रतीकात्मक श्राद्ध शांति कार्यक्रम आयोजित किया गया। सड़क पर सजे इस सियासी श्राद्ध और टीएमसी के सिंबल को जलाए जाने के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना यह है कि बीजेपी के इस अनोखे और तीखे वार पर तृणमूल कांग्रेस क्या पलटवार करती है।





