आसनसोल के 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर फिर धंसी सड़क, गड्ढे से दहशत
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग की कोलकाता जाने वाली लेन में एथोड़ा पुल के पास अचानक सड़क धंसने की घटना सामने आई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सड़क धंसने के कारण करीब एक से डेढ़ फीट गहरा गड्ढा बन गया है।राष्ट्रीय राजमार्ग सूत्रों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात की है। महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग पर अचानक इस तरह सड़क धंसने से वाहन चालकों और आम लोगों में दहशत फैल गई है। वाहन चालकों ने प्रशासन से निगरानी बढ़ाने की मांग की है।













फिलहाल सुरक्षा के मद्देनजर 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के धंसे हुए हिस्से को घेर दिया गया है। हालांकि, यातायात सामान्य रूप से जारी है।राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से बताया गया है कि सड़क धंसने का सही कारण क्या है, इसकी जांच की जा रही है।हालांकि, आसनसोल में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क धंसने की यह कोई नई घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां कई बार सड़क धंसने की घटनाएं हो चुकी हैं।

