SBFCI द्वारा सात दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान
बंगाल मिरर, आसनसोल: दुर्गापूजा के आगमन को देखते हुए आसनसोल, रानीगंज, बराकर और कुल्टी सहित विभिन्न क्षेत्रों में सात दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के माध्यम से लोगों और विशेषकर व्यापारी वर्ग को शहर को स्वच्छ रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।कार्यक्रम में चेंबर के प्रेसिडेंट वी. के. ढल, महासचिव जगदीश बागड़ी, सीनियर मेंबर बाल गोविंद मुकीम, मोनेंद्र कुंद्रा और वाइस प्रेसिडेंट अनिल जालान सहित कई सदस्य मौजूद रहे।









इस मौके पर महासचिव जगदीश बागड़ी ने व्यापारियों से अपील की कि दुकानदार अपनी दुकानों के साथ-साथ दुकान के सामने के रास्ते को भी साफ रखें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक दुकानदार अपने आसपास के क्षेत्र की सफाई का ध्यान रखे, तो पूरा शहर स्वच्छ रखने में मदद मिलेगी।
डस्टबिन की व्यवस्था को लेकर बताया गया कि आवासीय इलाकों में निगम की ओर से डस्टबिन उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि दुकानदारों को अपने स्तर पर डस्टबिन की व्यवस्था करनी होगी। हालांकि, आर्थिक रूप से कमजोर दुकानदारों को फेडरेशन और चेंबर की ओर से डस्टबिन उपलब्ध कराकर सहायता की जाएगी।




साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट वेरिंदर ढल्ल ने कहा कि शहर को स्वच्छ रखना केवल सरकार और नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भी व्यक्तिगत जिम्मेदारी है।
उन्होंने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए दुर्गापुर को छोड़कर आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में एक जागरूकता टैब्लो घूम-घूमकर स्वच्छता का संदेश देगा।


