Durgapur बनेगा एंटी-ड्रग अभियान का अहम केंद्र
बंगाल मिरर, दुर्गापुर:: ( Durgapur News In Hindi ) पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी पर प्रभावी तरीके से लगाम लगाने के लिए एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत राज्य में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों की जांच और कार्रवाई के लिए चार विशेष पुलिस थाने स्थापित किए जाएंगे। इनमें दुर्गापुर को पश्चिम बंगाल के पश्चिमी जोन के प्रमुख केंद्र के रूप में शामिल किया गया है।









सरकारी योजना के अनुसार विशेष एंटी-नारकोटिक्स पुलिस थाने दुर्गापुर, मालदह, खड़गपुर और कृष्णानगर में स्थापित किए जाएंगे। माना जा रहा है कि ये चारों थाने इसी महीने से कामकाज शुरू कर सकते हैं। इन थानों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध कारोबार, सप्लाई नेटवर्क और इससे जुड़े संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज किया जाएगा।


इस पूरी व्यवस्था के तहत राज्य को उत्तर, पश्चिम और दक्षिण—तीन जोन में बांटा गया है। इनमें दुर्गापुर को पश्चिम जोन में रखा गया है। इससे पश्चिम बंगाल के पश्चिमी हिस्से में नशीले पदार्थों की आवाजाही और तस्करी पर निगरानी बढ़ाने के साथ-साथ अंतर-जिला और अंतरराज्यीय नेटवर्क पर कार्रवाई में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
दुर्गापुर का चयन विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। औद्योगिक क्षेत्र होने के साथ-साथ दुर्गापुर की सड़क और रेल कनेक्टिविटी इसे पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों तथा पड़ोसी राज्यों से जोड़ती है। ऐसे में यहां विशेष एंटी-नारकोटिक्स थाना बनने से मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में स्थानीय पुलिस के साथ विशेषज्ञ टीमों के समन्वय को मजबूती मिल सकती है।
सरकार ने इस नई व्यवस्था के लिए राज्य पुलिस में करीब 500 नए पदों के सृजन का भी निर्णय लिया है। इससे एएनटीएफ को अतिरिक्त मानव संसाधन मिलेगा और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को अधिक संगठित तरीके से चलाने में मदद मिलेगी।


