RANIGANJ-JAMURIA

Raniganj : ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर भारत शौर्य तिरंगा यात्रा, सैनिकों के सम्मान में उमड़ा देशप्रेम

बंगाल मिरर, रानीगंज, राजा बंदोपाध्याय: भारतीय सेना के वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करने के लिए शुक्रवार को रानीगंज सिटीजन्स फोरम द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता के उपलक्ष्य में एक भव्य ‘भारत शौर्य तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। यह यात्रा रानीगंज के इतिहास में देशभक्ति के एक ऐतिहासिक प्रतीक के रूप में दर्ज हो गई।

यात्रा श्याम मंदिर से शुरू होकर रानीगंज स्टेशन तक गरिमामय ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान पूरे मार्ग पर “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से वातावरण गूंजायमान रहा। हजारों नागरिक, सामाजिक संगठन और भाजपा कार्यकर्ता देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत नजर आए, जो अपने हाथों में तिरंगा थामे हुए थे।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल भाजपा के पूर्व अध्यक्ष व वरिष्ठ नेता राहुल सिन्हा, आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल, रानीगंज भाजपा अध्यक्ष समशेर सिंह, बादशा चटर्जी, दिनेश सोनी, बिजन मुखर्जी और सिटीजन्स फोरम के कई सदस्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल सिन्हा ने कहा, “यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देशभक्ति का जीवंत प्रदर्शन है। हमें हमेशा अपने सैनिकों के बलिदान को याद रखना चाहिए।” स्थानीय लोगों का कहना है कि यह यात्रा नई पीढ़ी को प्रेरित करने के साथ-साथ देशप्रेम और एकता की भावना को और मजबूत करेगी। रानीगंज की सड़कों पर तिरंगे की यह ऐतिहासिक यात्रा लंबे समय तक लोगों की स्मृति में अमर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *