ASANSOLASANSOL-BURNPUR

Agnimitra Pal के वाहन पर हमला थी साजिश : सोहराब

बंगाल मिरर, बर्नपुर, राजा बंदोपाध्यायःमतदान के दिन दोपहर आसनसोल नगर निगम के 82 नंबर वार्ड के बर्नपुर स्थित रहमतनगर में आसनसोल दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल की गाड़ी पर हुए हमले के मामले में हीरापुर थाना पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम असगर अली बताया गया है।पुलिस ने आरोपी को आसनसोल अदालत में पेश किया, जहां न्यायाधीश ने उसकी जमानत याचिका खारिज करते हुए पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी से पूछताछ जारी है।इस घटना को लेकर सत्तारूढ़ और विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गया है।

सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने शनिवार को सीधे अग्निमित्रा पाल को कटघरे में खड़ा करते हुए दावा किया कि यह पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और पहले से इसकी “स्क्रिप्ट” तैयार की गई थी। आरोप लगाया गया कि चुनाव के दौरान चुनाव आयोग का ध्यान आकर्षित करने और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी व तृणमूल कांग्रेस को बदनाम करने के लिए साजिश रची गई।शनिवार सुबह रानीगंज के पूर्व विधायक सोहराब अली ने रहमतनगर स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता कर कई सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि अग्निमित्रा पाल ने शेखू और साबिर नामक दो व्यक्तियों पर पथराव का आरोप लगाया है, लेकिन उन्हें यह स्पष्ट करना होगा कि उन्होंने खुद यह देखा या किसी ने उन्हें बताया।सोहराब अली ने दावा किया कि उपलब्ध वीडियो फुटेज में देखा गया है कि जब अग्निमित्रा पाल बयान दे रही थीं, तब उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। बाद में मोबाइल पर एक संदेश पढ़ने के बाद उन्होंने शेखू और साबिर का नाम लिया। उन्होंने सवाल उठाया कि वह संदेश किसने भेजा था।

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि यह घटना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा हो सकती है और यहां तक कि अग्निमित्रा पाल पर ही हमला करवाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि यदि वास्तव में पथराव हुआ होता, तो घटनास्थल पर गाड़ी के टूटे कांच के टुकड़े मिलते, लेकिन ऐसा कुछ नहीं पाया गया।उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा प्रत्याशी दूसरी गाड़ी से घटनास्थल पर पहुंचीं, जिसकी पिछली खिड़की पहले से टूटी हुई थी।

सोहराब अली ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।वहीं, अग्निमित्रा पाल ने पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों के खिलाफ उन्होंने शिकायत दर्ज कराई, उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया, बल्कि किसी अन्य व्यक्ति को पकड़ा गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के प्रभावशाली पूर्व विधायक के कारण उनके करीबी लोगों को बचाया जा रहा है।भाजपा प्रत्याशी ने कहा कि घटना के दिन क्या हुआ, यह सभी जानते हैं और पुलिस को निष्पक्ष जांच कर वास्तविक आरोपियों को गिरफ्तार करना चाहिए।फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सच्चाई सामने आने का इंतजार किया जा रहा है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *