ASANSOLRANIGANJ-JAMURIA

रोटीबाटी में टीएमसी कार्यालय पर फूटा आक्रोश

बंगाल मिरर, रानीगंज: विधानसभा चुनाव परिणाम के बाद “भगवा लहर” के बीच पश्चिम बंगाल के विभिन्न इलाकों में तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालयों पर हमले और आगजनी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। कई जगहों पर कार्यालयों पर कब्जा कर भाजपा के झंडे लगाने की भी खबर है। इन घटनाओं के बाद पुलिस प्रशासन केंद्रीय बलों के साथ सक्रिय होकर सख्ती से तलाशी अभियान चला रहा है, ताकि हालात को काबू में लाया जा सके। हालांकि कई क्षेत्रों में भारी आक्रोश के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।

इसी बीच पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल अंतर्गत रानीगंज के चापुई रतिबाटी इलाके में एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक परिवार ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के नेता विनोद नुनिया, जो पंचायत समिति के पूर्व अध्यक्ष और वर्तमान कर्माध्यक्ष हैं, अपने समर्थकों के साथ हथियार, हॉकी स्टिक और रॉड लेकर श्याम केवट समेत कई लोगों के घर जाकर धमकी दे रहे थे।इस शिकायत के बाद भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर विनोद नुनिया के घर के आसपास पहुंच गए और घेराव कर दिया।

स्थिति बिगड़ने की आशंका के बीच पुलिस केंद्रीय बलों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली, लेकिन कोई हथियार बरामद नहीं हुआ। घर में कोई मौजूद नहीं होने के कारण उसे बंद कर दिया गया।हालांकि पुलिस के जाने के बाद भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गांव के तृणमूल कार्यालय और आसपास के हिस्सों में तोड़फोड़ की और आगजनी की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और उत्तेजना फैल गई है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *