कोयला कारोबारियों से रंगदारी वसूली का आरोप, मुन्ना और विजय सिंह गिरफ्तार, पिस्तौल व कारतूस बरामद
बंगाल मिरर, एस सिंह, जामुड़िया/आसनसोल: कोयला कारोबारियों और डीओ कोयला लदे वाहनों के चालकों से हथियार दिखाकर रंगदारी वसूलने के आरोप में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्तौल, 50 राउंड कारतूस, 84 हजार रुपये नकद और एक चारपहिया वाहन बरामद किया है।पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना सिंह (32) निवासी शंकरपुर कोलियरी, थाना अंडाल तथा विजय सिंह (38) निवासी गाइघाटा हरिपुर, थाना अंडाल के रूप में हुई है।














जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से पुलिस को लगातार शिकायत मिल रही थी कि देर रात कुछ बदमाश ईसीएल के विभिन्न वैध कोयला डिपो और डीओ कोयला लदे वाहनों के चालकों एवं कारोबारियों को हथियार दिखाकर डराते हैं और उनसे मोटी रकम की वसूली करते हैं।शिकायत के आधार पर जामुड़िया थाना अंतर्गत केंदा फाड़ी पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार देर रात अभियान चलाया। इस दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को हथियार और वाहन सहित रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
शुक्रवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए छह दिनों की पुलिस हिरासत का आदेश दिया।पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा रंगदारी रैकेट का मुख्य सरगना कौन है, इसका पता लगाने के लिए आरोपियों से पुलिस हिरासत में पूछताछ की जाएगी।

