पांडवेश्वर के विकास के लिए राजनीतिक मतभेद भूल एक साथ काम करना होगा : जितेन्द्र तिवारी
बंगाल मिरर, पांडवेश्वर : आदिवासी समाज को जागरूक करने के लिए ‘ जनजातीय गरिमा उत्सव’ का शुभारंभसोमनाथ मुखर्जी, लाउदोहा :पिछड़े आदिवासी एवं जनजातीय समाज को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारत सरकार की पहल पर “ट्राइबल विकास जनजातीय गरिमा उत्सव” कार्यक्रम की शुरुआत की गई। यह उत्सव 19 मई से 25 मई तक आयोजित किया जाएगा।मंगलवार को दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के नवघनपुर गांव स्थित अवैतनिक प्राथमिक विद्यालय से इस जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पांडवेश्वर विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक जितेंद्र कुमार तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित थे।














कार्यक्रम शुरू होने से पहले विधायक ने क्षेत्र के प्रसिद्ध रक्षाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया।इस अवसर पर दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक के बीडीओ देवदीप बैरागी, जिला परिषद के विद्युत कर्माध्यक्ष सुजीत मुखर्जी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक जितेंद्र तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर जनजातीय और आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोड़ने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दुर्गापुर फरीदपुर ब्लॉक प्रशासन द्वारा शुरू किया गया यह जागरूकता अभियान धीरे-धीरे ब्लॉक की सभी छह पंचायतों में आयोजित किया जाएगा।उन्होंने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से आदिवासी एवं पिछड़े समुदाय के लोग सरकारी योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त करें, इसकी जानकारी दी जाएगी। साथ ही ब्लॉक प्रशासन हर संभव सहायता भी उपलब्ध कराएगा।
विधायक ने यह भी कहा कि पांडवेश्वर के विकास के लिए सभी को राजनीतिक मतभेद भूलकर एक साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि सरकारी मंच पर जहां प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं, वहीं विपक्षी दल के जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यदि पंचायत प्रधान और उपप्रधान भी इस मंच पर मौजूद रहते तो यह और बेहतर संदेश जाता।कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज के लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़ी जानकारियां दी गईं।

