आसनसोल जिला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में कैंसर मरीज की जटिल सर्जरी
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल जिला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में 55 वर्षीय एक पुरुष कैंसर मरीज की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। मुख्य रूप से जिला अस्पताल के सर्जरी विभाग और कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सक के संयुक्त प्रयास से यह जटिल ऑपरेशन सफल हुआ। इसके लिए अस्पताल के सुपर डॉ. तपन कुमार विश्वास ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को धन्यवाद दिया है।जानकारी के अनुसार, करीब 10 दिन पहले सर्जन डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने मरीज की सर्जरी की थी।














फिलहाल मरीज को खाना खाने में जो परेशानी हो रही थी, वह ऑपरेशन के बाद अब नहीं हो रही है। मरीज इस समय अस्पताल में भर्ती है और जल्द ही उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी। हालांकि, आगे के उपचार के तौर पर उसकी कीमोथेरेपी की जाएगी।दरअसल, मरीज के पेट यानी स्टमक में कैंसर पाया गया था।
उसे गैस्ट्रिक आउटलेट ऑब्स्ट्रक्शन (पेट के निकास मार्ग में रुकावट) के साथ पेट के कार्सिनोमा की समस्या थी। इसके लिए सफलतापूर्वक सबटोटल गैस्ट्रेक्टॉमी और D2 लिम्फैडेनक्टॉमी की गई। इस प्रक्रिया में पेट में मौजूद ट्यूमर को निकालने के लिए पेट का एक बड़ा हिस्सा काटकर निकालना पड़ा। पाचन तंत्र को सामान्य रूप से बनाए रखने के लिए ऑपरेशन के दौरान कई हिस्सों को दोबारा जोड़ा गया।
करीब एक महीने पहले यह मरीज जिला सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सर्जन डॉ. अमित कुमार गुप्ता के पास आया था। उस समय उसे खाना खाने में परेशानी और खाना खाने के बाद उल्टी होने जैसी शिकायतें थीं। डॉ. गुप्ता ने प्रारंभिक उपचार और कुछ जांचों के बाद पता लगाया कि मरीज के पेट में ट्यूमर है। इसके बाद उन्होंने तुरंत मरीज की एंडोस्कोपी कराई, जिससे बीमारी की स्थिति के बारे में काफी जानकारी मिली।इसके बाद उन्होंने मरीज को अस्पताल के कैंसर विशेषज्ञ या ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. अमित मुखोपाध्याय के पास भेजा। कैंसर विशेषज्ञ की राय के अनुसार मरीज की सर्जरी की गई।
ऑपरेशन के दौरान निकाले गए ट्यूमर की बायोप्सी भी कराई गई है।ऑपरेशन के बाद काफी स्वस्थ होने पर मरीज ने बताया कि अब उसे पहले जैसी परेशानी नहीं हो रही है। वह पहले की तरह खाना खा पा रहा है।इस संबंध में अस्पताल के सुपर डॉ. तपन कुमार विश्वास ने कहा कि मरीज अब अच्छी तरह स्वस्थ हो चुका है और उसकी क्लिनिकल स्थिति स्थिर है।
अब उसे डिस्चार्ज करने की तैयारी की जा रही है। सर्जन डॉ. अमित कुमार गुप्ता को कैंसर विशेषज्ञ डॉ. अमित मुखोपाध्याय, एनेस्थीसिया टीम, ओटी स्टाफ, पीजीटी, एमएसडब्ल्यू स्टाफ और ब्लड बैंक की ओर से सहयोग मिला।उन्होंने आगे कहा कि जिला अस्पताल के उपलब्ध बुनियादी ढांचे के तहत यह एक जटिल सर्जरी थी, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।


