Asansol के मेयर पार्षदों संग पहुंचे डीएम के पास भाजपाइयों पर कार्रवाई की मांग
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: आसनसोल नगर निगम में पूर्व मुख्यमंत्री Mamata Banerjee की तस्वीर हटाने और तोड़फोड़ के आरोप को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। इस घटना के विरोध में बुधवार को आसनसोल नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर, मेयर परिषद सदस्य, बोरो चेयरमैन और सभी पार्षद पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी S. Ponnabalam से मिलने जिला प्रशासनिक कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए दोषियों के खिलाफ शीघ्र प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की मांग की।














आरोप है कि मंगलवार को भाजपा नेता और कार्यकर्ता नगर निगम कार्यालय में घुस गए और मेयर के चेंबर में लगी ममता बनर्जी की तस्वीर हटाकर वहां देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वर्तमान मुख्यमंत्री की तस्वीर लगा दी। इस दौरान ममता बनर्जी की तस्वीर का शीशा तथा आसनसोल नगर निगम का लोगो भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद नगर निगम परिसर में तनाव फैल गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी संख्या में पुलिस व केंद्रीय बल तैनात किए गए।आसनसोल नगर निगम के मेयर Bidhan Upadhyay ने आरोप लगाया कि केवल तस्वीर नहीं हटाई गई, बल्कि पूर्व मुख्यमंत्री की तस्वीर के साथ तोड़फोड़ भी की गई है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लोगो भी नुकसान पहुंचाया गया है। मेयर ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए बताया कि इस मामले में आसनसोल दक्षिण थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है।
मेयर ने बताया कि जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से जांचने का आश्वासन दिया है।इसके अलावा मेयर और अन्य प्रतिनिधियों ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर Dr. Pranab Kumar से भी मुलाकात कर उन्हें पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।वहीं, मंगलवार की घटना को लेकर कांग्रेस नेता Prasenjit Puitundi ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह घटना आसनसोल के लिए शर्मनाक है। उन्होंने सवाल उठाया कि विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत हुई है, लेकिन नगर निगम चुनाव अभी नहीं हुए हैं, फिर भी जबरन कब्जा करने की कोशिश के पीछे क्या मंशा है?

