ASANSOL

Asansol के स्वागत द्वार से हटाया गया ‘विश्व बांग्ला’ लोगो, सुरक्षा के बीच चला अभियान

बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: राज्य में राजनीतिक बदलाव के बाद विभिन्न स्थानों से पूर्ववर्ती सरकार के प्रतीकों को हटाने की प्रक्रिया के बीच मंगलवार को आसनसोल शहर के प्रवेश द्वार पर लगे ‘विश्व बांग्ला’ लोगो को हटा दिया गया। यह लोगो राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर कालीपहाड़ी मोड़ स्थित स्वागत द्वार पर लगाया गया था, जिसके नीचे “भ्रातृत्व का शहर” लिखा हुआ था।मंगलवार शाम करीब साढ़े चार बजे प्रशासन की देखरेख में लोगो हटाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए केंद्रीय बल के जवानों के साथ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे।

एक विशाल क्रेन की सहायता से स्वागत द्वार के शीर्ष पर लगे लोगो को सावधानीपूर्वक हटाकर नीचे उतारा गया। पूरी प्रक्रिया प्रशासनिक निगरानी में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।इस दौरान भाजपा युवा नेता राहुल सिंह भी अपने समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद थे। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लोगो ढीला हो गया था और गिरने की आशंका थी। इसे हटाने के लिए आसनसोल नगर निगम के बरो कार्यालय में आवेदन दिया गया था तथा राज्य की नगर विकास मंत्री Agnimitra Paul को भी इसकी जानकारी दी गई थी।गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में राज्य के विभिन्न जिलों में भी पूर्ववर्ती तृणमूल सरकार के समय लगाए गए ‘विश्व बांग्ला’ लोगो को हटाने या तोड़ने की घटनाएं सामने आई हैं। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलकों में नई बहस शुरू हो गई है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *