ASANSOL

Asansol समेत 10 शहरों में लॉन्च हुआ Swachh App, भेजे Photo 2 घंटे में होगी सफाई

  बंगाल मिरर, आसनसोल: राज्य में स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से हाल ही में लॉन्च किए गए ‘स्वच्छा’ ऐप के जरिए अब नागरिक कचरे से जुड़ी शिकायतें सीधे दर्ज करा सकेंगे। इस ऐप की शुरुआत फिलहाल राज्य के 10 नगर निकायों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर की गई है।
इस नई व्यवस्था के तहत नागरिक किसी भी स्थान पर जमा कचरे की तस्वीर अपलोड कर शिकायत दर्ज कर सकेंगे। शिकायत मिलते ही संबंधित नगर निकाय की ओर से एक क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को मौके पर भेजा जाएगा। प्रत्येक टीम में चार सफाईकर्मी, एक चालक और एक सहायक शामिल होंगे। हर 10 वार्ड पर एक ऐसी टीम तैनात रहेगी।


नगर निकायों की ओर से कचरा हटाने के बाद टीम मौके की तस्वीर लेकर उसी पोर्टल पर अपलोड करेगी, जिसकी सूचना शिकायतकर्ता को भी मिल जाएगी। इससे शिकायतकर्ता यह जान सकेंगे कि उनकी शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई है।
इस व्यवस्था के तहत शिकायत दर्ज करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है और दावा किया गया है कि शिकायत मिलने के दो घंटे के भीतर उसका समाधान किया जाएगा।


यदि किसी शिकायत पर दो घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं होती है, तो इसकी सूचना संबंधित नोडल अधिकारी और उच्च अधिकारियों तक स्वतः पहुंच जाएगी। वहीं, यदि 24 घंटे के बाद भी समस्या बनी रहती है, तो जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद चरणबद्ध तरीके से राज्य के अन्य नगर निकायों को भी इस व्यवस्था से जोड़ा जाएगा।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *