कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार को सुवेंदु सरकार में बड़ी जिम्मेदारी, बने पीडब्ल्यूडी और पीएचई मंत्री
बंगाल मिरर, आसनसोल/कुल्टी: राज्य की नई सरकार के गठन के बाद कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. अजय पोद्दार को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मंत्रिमंडल में उन्हें लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा जन स्वास्थ्य एवं अभियंत्रण विभाग (PHE) का मंत्री बनाया गया है। दो महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिलने से कुल्टी और आसनसोल-दुर्गापुर औद्योगिक क्षेत्र में खुशी का माहौल है।डॉ. पोद्दार के मंत्री बनने की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। विभिन्न स्थानों पर मिठाइयां बांटी गईं तथा लोगों ने इसे कुल्टी क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण बताया। समर्थकों का कहना है कि डॉ. पोद्दार लंबे समय से जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाते रहे हैं और मंत्री बनने के बाद क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।













राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पीडब्ल्यूडी और पीएचई जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी मिलने से आसनसोल, कुल्टी, बराकर, रानीगंज और आसपास के क्षेत्रों में सड़क, पुल, पेयजल तथा आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता मिल सकती है। लंबे समय से लंबित कई विकास योजनाओं के जल्द पूरा होने की उम्मीद भी बढ़ गई है।स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि मंत्री के रूप में डॉ. अजय पोद्दार क्षेत्र में बेहतर सड़क नेटवर्क, शुद्ध पेयजल आपूर्ति और नई विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
वहीं पार्षद अमित तलस्यान एवं भाजपा नेताओं तथा एसबीएफसीआई महासचिव जगदीश बागड़ी उद्योगपति विजय शर्मा सचिन बालोदिया आदि ने इसे आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि अब विकास कार्यों में तेजी आएगी और जनता को उसका सीधा लाभ मिलेगा।डॉ. अजय पोद्दार को मिली इस नई जिम्मेदारी से कुल्टी सहित पूरे आसनसोल औद्योगिक क्षेत्र में विकास को लेकर नई उम्मीदें जगी हैं।


