PWD Minister ने पहली बैठक में ही Asansol शिल्पांचल की सड़कों की दशा सुधारने का दिया निर्देश
पीडब्ल्यूडी मंत्री अजय कुमार पोद्दार ने की विभागीय समीक्षा बैठक, बरसात से पहले सड़कों की मरम्मत पर जोर











बंगाल मिरर, कोलकाता: पश्चिम बंगाल सरकार के लोक निर्माण विभाग (PWD) के नव नियुक्त मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार और राज्य मंत्री नादिया चांद बाउरी ने गुरुवार को नवान्न में विभाग की सचिव अंतरा आचार्य एवं वरिष्ठ अभियंताओं के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।बैठक में विभाग की विभिन्न चल रही और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्रियों ने अधिकारियों से ‘सोनार बांग्ला’ के निर्माण के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए अधिक सक्रिय और जिम्मेदार भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।


बैठक में चुनावी संकल्प पत्र में घोषित विकास परियोजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई। डॉ. पोद्दार ने विभाग में रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों में तेजी लाई जा सके।आगामी मानसून को देखते हुए राज्य की सड़कों की स्थिति, मरम्मत कार्य और जनसुरक्षा संबंधी तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों के कारण आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े, इसके लिए क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत सुनिश्चित की जाए।
डॉ. पोद्दार ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुल्टी और आसपास के इलाकों की जर्जर सड़कों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने नियामतपुर से डिसेरगढ़ स्थित छिन्नमस्ता मंदिर जाने वाली सड़क, बराकर रेलवे स्टेशन से बराकर-बेगुनिया-पुरुलिया संपर्क मार्ग, आसनसोल की विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों तथा रानीगंज क्षेत्र की खराब सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत और पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।



