Saturday, July 11, 2026
Latest:

Bengal Mirror

Think Positive

Bengal Mirror
Saturday, July 11, 2026
Latest:
Bengal Mirror
ASANSOL

आसनसोल में 21 जुलाई की तैयारी बैठक “बंगाल में पुलिस राज चल रहा है” दल छोड़ने वालों को जनता स्वीकार नहीं करेगी, कल्याण बनर्जी का भाजपा पर तीखा हमला

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* पश्चिम बर्धमान जिला तृणमूल कांग्रेस कार्यालय, आसनसोल में शनिवार को पार्टी की तैयारी बैठक आयोजित की गई। 21 जुलाई के शहीद दिवस कार्यक्रम को सामने रखते हुए आयोजित इस बैठक में तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव एवं श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी उपस्थित थे। इसके अलावा पूर्व मंत्री मलय घटक, बर्धमान-दुर्गापुर के सांसद कीर्ति आजाद, वी. शिवदासन उर्फ दासु, पूर्व विधायक हरेराम सिंह, तापस बंदोपाध्याय, कालो वरुण मंडल सहित जिले के कई तृणमूल नेता मौजूद थे।

बैठक में 21 जुलाई को कोलकाता में आयोजित होने वाली शहीद दिवस रैली में पश्चिम बर्धमान जिले से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन को और मजबूत बनाने तथा बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के संबंध में भी कल्याण बनर्जी सहित अन्य नेताओं ने दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कल्याण बनर्जी ने भाजपा और राज्य सरकार के खिलाफ कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विभिन्न बाधाओं, पुलिस के दबाव और डराने-धमकाने के बावजूद कार्यकर्ता बैठक में शामिल हुए। उनका आरोप था कि शनिवार सुबह भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी कार्यालय में आकर बैठक को विफल करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन तृणमूल कार्यकर्ताओं की एकजुटता के कारण उनका प्रयास सफल नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि इससे साबित होता है कि यहां पार्टी पूरी तरह एकजुट है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में इस समय “पुलिस राज” चल रहा है। उनके अनुसार, राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ मामले दर्ज करना, पार्टी कार्यालयों में हस्तक्षेप करना और राजनीतिक कार्यक्रमों में बाधा पहुंचाने के लिए पुलिस का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने यहां तक कहा कि “भाजपा नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल पुलिस ही पार्टी चला रही है।”

कल्याण बनर्जी ने तृणमूल छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं और जनप्रतिनिधियों की भी कड़ी आलोचना की। उनका दावा था कि ऐसे नेताओं को जनता ने स्वीकार नहीं किया है और भविष्य में भी नहीं करेगी। उन्होंने राज्य के विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी को भी निशाना बनाया और भाजपा के खिलाफ कई राजनीतिक आरोप लगाए।

अनुव्रत मंडल और बॉबी हाकिम जैसे नेताओं एवं पूर्व मंत्रियों के ऋतव्रत बनर्जी खेमे में जाने को लेकर भी उन्होंने कटाक्ष किया। साथ ही, पार्टी और राज्यसभा सदस्य पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हुए प्रकाश चिक बराइक के मुद्दे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के ही एक मंत्री ने कभी प्रकाश को “बालू चोर” कहा था।

उन्होंने यह भी दावा किया कि देश में भाजपा के खिलाफ जनमत बन रहा है और आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उनके अनुसार, तृणमूल कांग्रेस आम लोगों के समर्थन के साथ अपनी राजनीतिक लड़ाई जारी रखेगी और 21 जुलाई की शहीद दिवस रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी।

बैठक में पूर्व जिला अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, निवर्तमान मेयर विधान उपाध्याय तथा दोनों डिप्टी मेयर अभिजीत घटक और वासिमुल हक नजर नहीं आए। वासिमुल हक को छोड़कर बाकी सभी नेता पहले ही कोलकाता जाकर ऋतव्रत बनर्जी से मुलाकात कर चुके हैं।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *