ASANSOL

आसनसोल राइफल क्लब में शुरू हुआ दसवां ईस्ट जोन शूटिंग चैंपियनशिप उद्घाटन में खेल मंत्री

*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:* आसनसोल के चांदमारी स्थित आसनसोल राइफल क्लब में मंगलवार को भव्य उद्घाटन समारोह के साथ दसवें ईस्ट जोन या पूर्वांचल शूटिंग चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। यह चैंपियनशिप आगामी 30 अगस्त तक चलेगी।इस दिन आयोजित कार्यक्रम में राज्य के खेल मंत्री डॉ. इंद्रनील खां ने इस चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। इसके अलावा आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय, सेल आईएसपी या इस्को कारखाना और डीएसपी या दुर्गापुर इस्पात कारखाना के डायरेक्टर इन चार्ज (डीआईडी) सुरजीत मिश्रा तथा पश्चिम बर्दवान के जिलाधिकारी (डीएम) एस. पोन्नाबलम सहित कई विशिष्ट लोग उपस्थित थे।कार्यक्रम में खेल मंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने सभी प्रकार के खेलों को महत्व देने की योजना बनाई है।

खिलाड़ियों को विभिन्न प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी। इस संबंध में मंत्रिमंडल की बैठक में पहले ही चर्चा की जा चुकी है। उन्होंने आगे कहा कि आगामी 29 अगस्त को नेशनल स्पोर्ट्स डे है। उस दिन राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी खिलाड़ियों के लिए विभिन्न सहायता योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रत्येक जिले में इनडोर स्टेडियम बनाए जाएंगे। हालांकि, पश्चिम बर्दवान जिले में अभी तक जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन का गठन नहीं हुआ है।

आसनसोल राइफल क्लब की ओर से वी.के. ढल ने बताया कि पश्चिम बंगाल के अलावा बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़ तथा अंडमान और निकोबार से चैंपियन शूटर इस चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में करीब 900 प्रतियोगी भाग लेंगे। शूटर विभिन्न पिस्तौल और राइफल शूटिंग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आगे बताया कि आगामी 28 अगस्त को पुरस्कार वितरण समारोह होगा और 30 अगस्त को चैंपियनशिप का समापन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *