ASANSOLBARABANI-SALANPUR-CHITTARANJAN

ईसीएल की कोयला खदान से 8 दिनों से लापता युवती का सड़ा-गला शव बरामद, सालानपुर में सनसनी

*बंगाल मिरर, सालानपुर एवं आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* खुली कोयला खदान (ओपन कास्ट माइंस) से पिछले 8 दिनों से लापता एक युवती का सड़ा-गला शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना आसनसोल के सालानपुर थाना क्षेत्र स्थित ईसीएल की बनजेमारी ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) क्षेत्र में रविवार सुबह सामने आई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। मृतका की पहचान पूर्णिमा बाउरी के रूप में हुई है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह बनजेमारी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट के भीतर पत्थरों की दरार में एक सड़ा-गला शव पड़ा हुआ देखा गया।

खदान के अंदर शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे। वहां मौजूद लोगों में से एक व्यक्ति ने मृतका के कपड़ों से उसकी पहचान की। मृतका पूर्णिमा बाउरी (35) बताई गई हैं, जो शिवदासपुर निवासी रावण बाउरी की बेटी थीं।मृतका के रिश्तेदार रघुनाथ बाउरी ने बताया कि पूर्णिमा मानसिक रूप से कुछ अस्वस्थ थीं। वह अक्सर बिना बताए घर से निकल जाती थीं, लेकिन समय पर वापस भी लौट आती थीं।

पिछले रविवार को घर से निकलने के बाद वह वापस नहीं लौटीं। इसके बाद परिवार की ओर से सालानपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उनकी काफी तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। अंततः रविवार सुबह कोयला खदान से उनका शव बरामद हुआ।इस मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। यह दुर्घटनावश खदान में गिरने से हुई मौत है या इसके पीछे कोई रहस्य अथवा आपराधिक घटना जुड़ी हुई है, इसे लेकर संशय बना हुआ है।

सूचना मिलने पर सालानपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद खदान की गहराई से शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *