बिहार से गो-तस्करी के आरोप में दुर्गापुर में ट्रक जब्त, भाजपा युवा नेता ने पुलिस को मिठाई खिलाई।
बंगाल मिरर, दुर्गापुर, चरण मुखर्जी एवं राजा बंदोपाध्यायः अंडाल के बाद अब दुर्गापुर थाना की फरीदपुर चौकी पुलिस ने भी बिहार से कोलकाता ले जाए जा रहे कथित गौ-तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया। रविवार रात मवेशियों से लदे एक ट्रक को जाते समय अभियान चलाकर फरीदपुर चौकी पुलिस ने उसे रोक लिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार देर रात चलाए गए इस अभियान में ट्रक से 21 गाय बरामद की गईं। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।














पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए सोमवार सुबह भाजपा के दुर्गापुर विभाग के प्रभारी एवं युवा नेता पारिजात गंगोपाध्याय फरीदपुर चौकी पहुंचे। उन्होंने चौकी प्रभारी सुसीम सरकार को मिठाई खिलाकर कथित गौ-तस्करी रोकने में पुलिस की भूमिका के लिए धन्यवाद दिया।
सोमवार सुबह ट्रक चालक और खलासी को फरीदपुर चौकी पुलिस ने दुर्गापुर उपमंडलीय न्यायालय में पेश किया।इस अवसर पर भाजपा युवा नेता ने कहा कि यह घटना साबित करती है कि मात्र तीन महीनों में पश्चिम बंगाल पुलिस के कामकाज में बदलाव आया है। उनका आरोप था कि पिछली सरकार के कार्यकाल में गौ-तस्करी खुलेआम होती थी।

