Sreelekha Mitra पर भाजपा युवा मोर्चा ने आसनसोल के दो थानों में दर्ज कराई शिकायत
प्रधानमंत्री के कथित अपमानजनक कैरिकेचर के विरोध में
बंगाल मिरर, आसनसोल: कोलकाता में 24 जुलाई 2026 को सियालदह से धर्मतल्ला तक आयोजित एक सार्वजनिक रैली के दौरान अभिनेत्री श्रीलेखा मित्रा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कथित रूप से आपत्तिजनक एवं अपमानजनक कैरिकेचर प्रदर्शित किए जाने के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) आसनसोल जिला इकाई ने कड़ा विरोध दर्ज कराया है।














इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए 29 जुलाई 2026 को भाजयुमो नेताओं ने आसनसोल दक्षिण थाना तथा आसनसोल उत्तर थाना में औपचारिक लिखित शिकायत दर्ज कराई।
भाजयुमो नेताओं का कहना है कि देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय और अपमानजनक चित्रों का सार्वजनिक प्रदर्शन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का अर्थ किसी भी व्यक्ति, विशेषकर देश के निर्वाचित प्रधानमंत्री, का अश्लील या अपमानजनक तरीके से चित्रण करना नहीं हो सकता।
शिकायत दर्ज कराने वालों में भाजयुमो आसनसोल जिला के महामंत्री अविराज शर्मा, कार्यालय सचिव अमन प्रसाद, उपाध्यक्ष दिवाकर शर्मा, आसनसोल उत्तर मंडल अध्यक्ष विवेक घोष, आशीष बर्नवाल, अरुण पासवान तथा सौरव प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
भाजयुमो नेताओं ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


