आरजी कर कांड के दो साल आसनसोल जिला अस्पताल में अग्निमित्रा पाल ने रखा मौन, अभया की स्मृति में पढ़ी कविता
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्यायः* राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर राज्य के सभी अस्पतालों के साथ रविवार सुबह आसनसोल जिला अस्पताल में भी कोलकाता के आरजी कर अस्पताल में हुए ‘अभया कांड’ के विरोध में दो मिनट का मौन रखा गया। इस दौरान राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल, पश्चिम बर्धमान जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमओएच) शेख मोहम्मद यूनुस, जिला अस्पताल के अधीक्षक डॉ. तपन कुमार विश्वास सहित चिकित्सक, नर्स और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे। इस दिन अभया की स्मृति में नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने अपनी लिखी कविता भी पढ़ी।आरजी कर की अभया दुष्कर्म और हत्या मामले को लेकर उन्होंने कहा कि दो साल पहले ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाली युवा महिला चिकित्सक की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया।














मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निर्देश पर पश्चिम बंगाल के सभी अस्पतालों में सुबह 11 बजे से दो मिनट का मौन रखा गया, ताकि हम उस दर्दनाक घटना को भूल न जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।उन्होंने आगे कहा, “मैं भी उस दिन की घटना को कभी नहीं भूलूंगी। मैं, सजल घोष और कौस्तव बागची पूरी रात वहां मौजूद थे।”
गौरतलब है कि 9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक युवा महिला चिकित्सक के साथ पहले दुष्कर्म और बाद में उसकी हत्या कर दी गई थी। इसके बाद इस घटना को लेकर पूरे राज्य और देशभर में विरोध प्रदर्शन हुए तथा दोषियों की गिरफ्तारी और सजा की मांग को लेकर आंदोलन किया गया। यह आंदोलन दुनिया के अन्य देशों में भी कमोबेश फैल गया था।


