200 फीट लंबे विशाल राष्ट्रीय ध्वज के साथ आसनसोल में तिरंगा रैली, देशभक्ति के जज़्बे के साथ शामिल हुए समाज के हर वर्ग के लोग
*बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंद्योपाध्याय:* स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को लेकर आसनसोल देशभक्ति के जज़्बे से सराबोर नजर आया। सोमवार दोपहर आसनसोल के रवींद्र भवन के सामने से भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। रैली का प्रमुख आकर्षण 200 फीट लंबा विशाल राष्ट्रीय ध्वज रहा। इस विशाल तिरंगे को हाथों में लेकर कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं, आम लोगों, सरकारी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने रैली में कदम से कदम मिलाया।इस मौके पर पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी (DM) एस. पोन्नाबालम, आसनसोल-दुर्गापुर के पुलिस कमिश्नर (CP) डॉ. प्रणब कुमार तथा तीन विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय, अरिजीत राय और पार्थ घोष मौजूद रहे।














गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सरकार की पहल पर राज्य के सभी जिलों और ब्लॉकों में पूरे सप्ताह विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान मनाया जा रहा है। इसी के तहत पश्चिम बर्धमान जिले के आसनसोल, दुर्गापुर और विभिन्न ब्लॉकों में तिरंगा रैली, रंगोली कार्यक्रम तथा आम लोगों के बीच राष्ट्रीय ध्वज वितरण सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।सोमवार को रवींद्र भवन से शुरू हुई रैली में 200 फीट लंबे विशाल राष्ट्रीय ध्वज को हाथों में लेकर लोग देशभक्ति के नारों और उत्साह के साथ आगे बढ़े। रैली जीटी रोड के भगत सिंह मोड़, बर्नपुर रोड और कोर्ट मोड़ से होते हुए पोलो ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई।
इस संबंध में पश्चिम बर्धमान के जिलाधिकारी एस. पोन्नाबालम ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहले से ही कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आम लोगों में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश पहुंचाना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने कहा कि पूरे सप्ताह राज्य के विभिन्न जिलों और ब्लॉकों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सरकारी अधिकारी, आम लोग, बुद्धिजीवी सहित समाज के हर वर्ग के लोग इसमें हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज को हाथों में लेकर एक साथ सड़क पर कदम से कदम मिलाकर देश के लोकतंत्र और कानून के प्रति विश्वास रखने का संदेश दिया जा रहा है।स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 200 फीट लंबे विशाल राष्ट्रीय ध्वज के साथ निकली इस रैली ने आसनसोल शहर में देशभक्ति का माहौल और भी जीवंत कर दिया। बताया गया है कि ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम आगामी 17 अगस्त तक चलेगा।


