पांडवेश्वर में वर्चस्व को लेकर किन्नरों के दो गुटों में हिंसक संघर्ष, 10-12 घायल
बंगाल मिरर, दुर्गापुर: पश्चिम बर्दवान के पांडवेश्वर में इलाके पर कब्जे को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच संघर्ष से रविवार को तनाव फैल गया। घटना गोसाईडांगा हनुमान मंदिर के पास की बताई जा रही है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, रविवार सुबह अंडाल से एक गुट के किन्नर इलाके में पहुंचे थे। इसी दौरान पांडवेश्वर के किन्नर गुट के सदस्य भी वहां पहुंच गए। इलाके को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया।एक-दूसरे पर हमले में दोनों गुटों के करीब 10 से 12 लोग घायल हुए हैं। घायलों को पांडवेश्वर उप-स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इनमें से 2-3 घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।









घटना की सूचना मिलने पर पांडवेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और पुलिस की सक्रियता से स्थिति को नियंत्रण में किया गया। हालांकि, घटना के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है।बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों ने पांडवेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराने का दावा किया है।




अंडाल गुट के प्रमुख का आरोप है कि पांडवेश्वर में रहने वाले कुछ सदस्य पहले उनके अधीन अंडाल में रहते थे और विभिन्न आरोपों के बाद उन्हें वहां से हटा दिया गया था। इसके बाद वे पांडवेश्वर में रहने लगे और कथित तौर पर अंडाल के सदस्यों के आवागमन में बाधा डालने लगे।वहीं, पांडवेश्वर गुट का आरोप है कि इलाका उनका है और अंडाल से आए लोग जबरन क्षेत्र पर कब्जा करने के उद्देश्य से पहुंचे थे। उनका दावा है कि हमला भी पहले दूसरे पक्ष ने किया।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

